
नई दिल्ली, 21 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Cockroach Janata Party : सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से तेजी से वायरल हो रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अचानक बड़े विवाद के केंद्र में आ गई है। पार्टी का आधिकारिक अकाउंट बंद कर दिया गया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की आजादी, डिजिटल सेंसरशिप और युवाओं के विरोध को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि पहले उनके अकाउंट को हैक करने की कोशिश की गई और जब ऐसा नहीं हो पाया, तो “लीगल डिमांड” के नाम पर अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया गया।
फिलहाल X पर पार्टी का अकाउंट खोलने पर यह संदेश दिखाई दे रहा है कि — “This account has been withheld in India in response to a legal demand.”
आखिर कैसे शुरू हुआ यह पूरा विवाद?
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का यह ऑनलाइन आंदोलन 16 मई को शुरू हुआ था। इसकी शुरुआत उस बयान के बाद हुई, जिसमें सूर्यकान्त ने कथित तौर पर कुछ बेरोजगार युवाओं के रवैये पर टिप्पणी करते हुए “कॉकरोच” शब्द का इस्तेमाल किया था।
इस बयान के विरोध में अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखी — “क्या हो अगर सारे कॉकरोच इकट्ठा हो जाएं?” यहीं से “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम का डिजिटल कैंपेन शुरू हुआ और देखते ही देखते यह इंटरनेट पर वायरल हो गया।
Cockroach Janata Party : कुछ ही दिनों में लाखों लोग जुड़े
शुरुआत में इसे एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन आंदोलन माना गया, लेकिन कुछ ही दिनों में यह युवाओं के गुस्से और राजनीतिक असंतोष का प्रतीक बनता दिखाई देने लगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक X पर पार्टी के 1.6 लाख से ज्यादा फॉलोवर्स हो चुके थे, जबकि इंस्टाग्राम पर इसकी लोकप्रियता विस्फोटक तरीके से बढ़ी और फॉलोवर्स की संख्या 13 मिलियन के पार पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर फॉलोवर्स के मामले में CJP ने कई बड़े राजनीतिक दलों को भी पीछे छोड़ दिया। सूत्रों के अनुसार लगभग 6 लाख लोगों ने ऑनलाइन फॉर्म के जरिए खुद को इस अभियान से जोड़ा है।
बड़े नेताओं और सेलिब्रिटीज ने भी दिखाई दिलचस्पी
सोशल मीडिया पर वायरल हुई फॉलोअर लिस्ट में कई बड़े राजनीतिक नेताओं, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और फिल्मी हस्तियों के नाम भी सामने आए हैं। हालांकि इनमें से कई लोगों ने सार्वजनिक रूप से किसी राजनीतिक समर्थन की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इंटरनेट पर इस अभियान को लेकर उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।
कौन हैं अभिजीत दीपके?
30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के पुणे के रहने वाले हैं। उन्होंने पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद अमेरिका की बोस्टन विश्वविद्यालय से पब्लिक रिलेशंस में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। दीपके पेशे से एक पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटजिस्ट हैं और राजनीतिक दलों के लिए डिजिटल कैंपेन और सोशल मीडिया रणनीति पर काम कर चुके हैं।
CJP ने जारी किया मेनिफेस्टो
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने अपनी वेबसाइट भी लॉन्च कर दी है और एक मेनिफेस्टो जारी किया है।
इस मेनिफेस्टो में कई बड़े राजनीतिक और संवैधानिक सुधारों की मांग की गई है।
पार्टी की प्रमुख मांगों में शामिल हैं:
रिटायरमेंट के बाद चीफ जस्टिस को राज्यसभा भेजने की परंपरा खत्म करना
बिना सीटें बढ़ाए महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देना
दल बदलने वाले सांसदों और विधायकों पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक राजनीतिक और न्यायिक व्यवस्था में अधिक पारदर्शिता
Cockroach Janata Party : अकाउंट बंद होने के बाद और तेज हुई बहस
CJP का X अकाउंट बंद होने के बाद सोशल मीडिया पर #CockroachJanataParty और #FreeCJP जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे। कुछ लोग इसे युवाओं की नाराजगी की डिजिटल आवाज बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे सिर्फ एक वायरल इंटरनेट ट्रेंड मान रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह मामला अब केवल एक सोशल मीडिया कैंपेन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह डिजिटल राजनीति, ऑनलाइन अभिव्यक्ति और सिस्टम के खिलाफ युवाओं की नाराजगी का प्रतीक बनता जा रहा है। फिलहाल पार्टी का X अकाउंट बंद है, लेकिन इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह आंदोलन लगातार सक्रिय बना हुआ है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


