





जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- LPU Protest Update : जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में एक छात्रा से दुष्कर्म की अफवाह के बाद पैदा हुए तनाव और हंगामे के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए युवकों के कब्जे से एक दातर (धारदार हथियार) और कुछ वॉकी-टॉकी सेट बरामद किए गए हैं।
27वीं बटालियन की कमांडेंट गुरमीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हंगामे के पीछे कोई संगठित साजिश या बाहरी हस्तक्षेप तो नहीं था।
अफवाह के बाद कैंपस में मचा था बवाल
रविवार देर रात सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हो गए और स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान पुलिस और कुछ प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच झड़प भी हुई।
इंटरनेट सेवाएं बंद, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
हालात को नियंत्रित करने और अफवाहों के प्रसार को रोकने के लिए प्रशासन ने यूनिवर्सिटी और आसपास के क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं अगले आदेश तक बंद कर दी हैं। कैंपस में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
LPU Protest Update : 10 दिनों के लिए बंद रहेंगी कक्षाएं
घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 28 सितंबर से अगले 10 दिनों तक सभी नियमित कक्षाएं निलंबित कर दी हैं। साथ ही आगामी मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
छात्र लौटने लगे अपने घर
कक्षाएं और परीक्षाएं स्थगित होने के बाद विभिन्न राज्यों से पढ़ाई के लिए LPU पहुंचे कई छात्र अपने घरों की ओर रवाना होने लगे हैं। प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं तथा कैंपस की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


