
जालंधर, 1 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Jalandhar Court Bomb Threat : पंजाब के जालंधर से सोमवार सुबह एक बड़ी खबर सामने आई, जब जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स और जिला न्यायिक (जुडिशियल) कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
धमकी की सूचना मिलने के बाद पुलिस के डॉग स्क्वायड, एंटी-सैबोटाज विंग और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों की निगरानी में कोर्ट कॉम्प्लेक्स और प्रशासनिक भवन के हर हिस्से की बारीकी से जांच की गई। सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करते हुए परिसर में आने-जाने वाले लोगों की तलाशी भी ली गई।
कोर्ट परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिसर में पहले से मेटल डिटेक्टर लगे हुए हैं, लेकिन धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा कर्मी स्वयं हर व्यक्ति और सामान की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही लोगों को कोर्ट परिसर के अंदर प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
पार्किंग में खड़े वाहनों की भी हुई जांच
कॉम्प्लेक्स की पार्किंग में खड़े वाहनों की भी गहन जांच की गई। पार्किंग कर्मचारी कुलवंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने सभी वाहनों और उनके सामान की जांच की, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
Jalandhar Court Bomb Threat : अफवाह फैलाने वालों पर नजर
एएसआई इंद्रजीत सिंह ने बताया कि अक्सर कुछ शरारती तत्व लोगों में दहशत फैलाने के लिए इस तरह की धमकियां देते हैं। हालांकि पुलिस किसी भी सूचना को हल्के में नहीं ले रही। उन्होंने कहा कि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए जांच जारी है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
स्कूलों के बाद अब कोर्ट को मिली धमकी
स्थानीय अधिवक्ता करन कुमार भगत ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि पहले स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिल रहे थे और अब अदालतों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम विभाग को ऐसे मामलों की गहन जांच कर ईमेल भेजने वालों की पहचान करनी चाहिए। आधुनिक तकनीक और एआई के दौर में ऐसे मामलों का जल्द खुलासा होना जरूरी है।
कामकाज सामान्य, नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
पुलिस द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने एहतियातन जांच तो की, लेकिन कोर्ट और प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स को खाली नहीं कराया गया। परिसर में सामान्य रूप से कामकाज जारी रहा और न्यायिक कार्य प्रभावित नहीं हुए।
Jalandhar Court Bomb Threat : जांच जारी
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई हैं। साथ ही कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


