
जींद (हरियाणा) (वीकैंड रिपोर्ट) India First Hydrogen Train Launch : हरियाणा का जींद शहर 17 जुलाई को देश के लिए एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां से भारत की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही वह एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यह पहल हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भारत का एक बड़ा कदम मानी जा रही है। इस विशेष कार्यक्रम को भी पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर जोर दिया गया है। आयोजन स्थल पर पेट्रोल और डीजल वाहनों के बजाय सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्राथमिकता दी गई है, ताकि कार्बन उत्सर्जन को कम किया जा सके।
75 अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन और विकास परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी इसी अवसर पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। साथ ही हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पूरे जींद जिले में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 15 आईपीएस अधिकारी, 52 डीएसपी, 100 इंस्पेक्टर और करीब 5,000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। वह पिछले एक सप्ताह में दो बार जींद का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले चुके हैं। वहीं रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने भी जींद रेलवे स्टेशन और हाइड्रोजन प्लांट का निरीक्षण किया है।
India First Hydrogen Train Launch : जींद से सोनीपत तक चलेगी हाइड्रोजन ट्रेन
रेलवे के अनुसार हाइड्रोजन ट्रेन का जींद से सोनीपत के बीच करीब 89 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर कई बार सफल ट्रायल किया जा चुका है। प्रस्तावित समय के अनुसार ट्रेन प्रतिदिन सुबह 7:40 बजे जींद जंक्शन से रवाना होगी और जींद सिटी, पांडू पिंडारा, ललित खेड़ा, भंभेवा, बुटाना, गोहाना, रभड़ा, लाठ, मोहाना और बनवासनी स्टेशनों पर रुकेगी। इस रूट पर संभावित किराया 25 रुपये बताया जा रहा है, हालांकि रेलवे ने अभी आधिकारिक किराया जारी नहीं किया है।
ऐतिहासिक आयोजन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उनके संभावित रूट की सड़कों की मरम्मत, नई तारकोल बिछाने, डिवाइडरों और दीवारों की रंगाई-पुताई तथा बंद पड़े फव्वारों को दोबारा चालू करने का कार्य किया गया है। स्वागत के लिए 51 क्विंटल लड्डू भी तैयार किए जा रहे हैं। प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन जींद को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


