
चंडीगढ़ (वीकैंड रिपोर्ट)- School Winter Holidays : चंडीगढ़ में लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे की संभावना को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूलों के संचालन को लेकर अहम आदेश जारी किए हैं। छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने स्कूलों के समय में अस्थायी बदलाव करने का फैसला लिया है।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, चंडीगढ़ के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में 10 जनवरी 2026 तक छुट्टियां रहेंगी। हालांकि, आदेशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कक्षा 1 से 8 तक और नॉन-बोर्ड कक्षाएं (9वीं और 11वीं) फिजिकली स्कूल नहीं आएंगी। इन कक्षाओं के छात्रों के लिए स्कूल सुबह 9 बजे के बाद ऑनलाइन क्लास आयोजित कर सकेंगे। स्कूल स्टाफ की ड्यूटी भी इन्हीं निर्देशों के अनुसार तय की जाएगी।
School Winter Holidays : बोर्ड कक्षाओं के लिए सीमित समय में स्कूल खुलेंगे
प्रशासन ने बोर्ड कक्षाओं यानी 10वीं और 12वीं के छात्रों को राहत देते हुए सीमित घंटों के लिए स्कूल खोलने की अनुमति दी है। आदेश के अनुसार, इन कक्षाओं के लिए स्कूल सुबह 9:30 बजे से पहले और दोपहर 3:30 बजे के बाद नहीं खुलेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्री-बोर्ड परीक्षाएं बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से आयोजित हो सकें।
डबल शिफ्ट में संचालित स्कूलों को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसे स्कूलों के प्रिंसिपल या हेड टीचर जरूरत पड़ने पर शाम की शिफ्ट के स्टाफ को सुबह की शिफ्ट में बुला सकते हैं, ताकि शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों। यह आदेश डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन नीतीश सिंगला द्वारा जारी किया गया है। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रमुखों से अपील की है कि वे इन निर्देशों का सख्ती से पालन करें और छात्रों की सेफ्टी व हेल्थ को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


