





जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Bank Strike Cancelled : देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है। यह फैसला शनिवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई अहम बैठक के बाद लिया गया।
UFBU के अनुसार, 27 सितंबर रात करीब 9:30 बजे हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान यह सहमति बनी कि बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों, विशेषकर सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के मुद्दे पर विचार करने के लिए IBA और UFBU की संयुक्त हाईलेवल कमेटी का गठन किया जाएगा।
5-Day Banking पर होगी विस्तृत चर्चा
यूनियनों की लंबे समय से मांग है कि सभी शनिवार और रविवार को अवकाश घोषित कर बैंकिंग क्षेत्र में भी पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू की जाए। नई कमेटी इस मुद्दे से जुड़े सभी पहलुओं का अध्ययन करेगी और ग्राहकों, कर्मचारियों तथा अन्य हितधारकों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी।
Bank Strike Cancelled : PLI स्कीम पर भी आगे बढ़ेगी बातचीत
बैठक में स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना पर भी चर्चा हुई। यूनियनों ने योजना को लेकर अपनी चिंताएं रखीं, जिसके बाद IBA ने सरकार के समक्ष आवश्यक संशोधन प्रस्तावित करने के लिए आगे बातचीत जारी रखने पर सहमति जताई।

लंबित मांगों के समाधान का आश्वासन
UFBU ने बताया कि 8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में शामिल अन्य लंबित मुद्दों पर भी जल्द चर्चा कर समाधान निकालने का भरोसा दिया गया है। इसी आश्वासन के बाद यूनियनों ने प्रस्तावित आंदोलन और तीन दिवसीय हड़ताल को स्थगित करने का फैसला लिया है।
Bank Strike Cancelled : क्या थीं बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगें?
- सप्ताह में 5 दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना
- बेहतर पेंशन लाभ
- NPS कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में लौटने का विकल्प
- लंबित वेतन संशोधन का समाधान
- परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) में बदलाव
फिलहाल हड़ताल टलने से देशभर में बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी और ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


