
नवांशहर (गौरव गुप्ता) : पंजाब सरकार की पहल मिशन फतेह-2 के आठ दिनों के दौरान आशा वर्करों द्वारा 4.32 लाख से अधिक आबादी वाले कुल 116220 घरों का सर्वेक्षण किया गया। इस संबंधी जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉ. गुरदीप सिंह कपूर ने यहां एक प्रेस बयान में कहा कि लोगों ने सेहत विभाग पर भरोसा जताया है और कोविड-19 के शुरुआती दौर में इलाज के लिए टेस्ट कराने के लिए आगे आ रहे हैं। मिशन फतेह-2 के स्क्रीनिंग अभियान के तहत कुल 4036 व्यक्तियों का कोविड-19 टेस्ट किया गया है, जिनमें से 59 का टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है।
होम आइसोलेशन में 59 मरीजों को मिशन फतेह किट्स प्रदान की गई हैं जबकि 74 मरीजों को एल-2 और एल-3 सुविधाएं प्रदान की गई हैं। सिविल सर्जन ने कोविड टीकाकरण अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 137631 टीके लगाए जा चुके हैं, जिनमें पहली और दूसरी खुराक दोनों शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वैक्सीन शरीर को कोरोना वायरस संक्रमण से लड़ने के लिए तैयार करती है। इसलिए सभी योग व्यक्तियों को टीकाकरण के लिए आगे आना चाहिए।
गर्भवती महिलाओं के लिए हेल्पलाइन नंबर
डॉ कपूर ने आगे कहा कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जो गर्भवती महिलाएं कोविड पॉजिटिव पाई गई हैं, उनकी रोजाना निगरानी की जा रही है। पंजाब सरकार ने कोविड पॉजिटिव गर्भवती महिलाओं के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 0172-2744041, 2744040 शुरू किया है जो रोजाना सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चालू रहता है।
सिविल अस्पताल नवांशहर में कोविड पॉजिटिव गर्भवती महिलाओं की सुरक्षित डिलीवरी के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। कोविड पॉजिटिव महिलाओं की डिलीवरी के लिए अलग से वार्ड बनाया गया है। सिविल सर्जन ने कोविड मामलों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अब तक 10984 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं और 10178 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 322 मरीजों की मौत हुई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


