
मकसूदां सब्जी मंडी में उमड़ी लोगों की भीड़। जिनमें कई लोगों ने मास्क भी नहीं पहनें।
जालंधर की मकसूदां सब्जी मंडी कोरोना संक्रमण का नया अड्डा बन सकती है। यहां दुकानदार बिना मास्क के बैठे हैं जबकि खरीदारी करने वालों के बीच सोशल डिस्टेंस तक नहीं है। प्रशासन ने सब्जी मंडी सिर्फ वहां से होलसेल में लाकर आगे रिटेल में बेचने वालों के लिए खोलने की इजाजत दी थी। इसके बावजूद आम लोग भी धड़ल्ले से मंडी में खरीदारी करने पहुंचे हैं। उनको रोकने का यहां कोई इंतजाम नहीं है। ऐसे में यहां से फैला कोरोना संक्रमण शहर के हालात और बिगाड़ सकता है। हैरत की बात यह है कि सरकार ने पूरे शहर में दुकानें बंद करा दी। इसके बाद अफसरों ने कागजी व वीडियो बना आदेश जारी कर दिए लेकिन वो जमीन पर लागू हो भी रहे हैं या नहीं, यह देखने कोई नहीं जा रहा।
ज्यादा खतरा इसलिए… क्योंकि यहीं से घर-घर जाएगी फल-सब्जी
शहर में फल-सब्जी के लिए मकसूदां मंडी सबसे अहम है। यहीं से फल-सब्जी लेने के बाद रेहड़ी वाले पूरे शहर में सप्लाई करते हैं। अगर यहां से संक्रमण फैला तो फिर शहर का हर घर कोरोना संक्रमण के खतरे में आ जाएगा। जिससे पहले ही कोरोना संक्रमण से जूझ रहे शहर में खतरा बढ़ सकता है।
लापरवाही चिंताजनक क्योंकि..जालंधर में 44 हजार से ज्यादा पॉजिटिव व 1098 मौतें हो चुकी
मंडी बोर्ड और पुलिस व प्रशासन के बड़े अफसरों की यह लापरवाही चिंताजनक इसलिए है क्योंकि जालंधर में कोरोना लगातार बढ़ता जा रहा है। यहां कन्फर्म केसों का आंकड़ा 44 हजार पार कर चुका है। वहीं, अब तक 1098 मौतें हो चुकी हैं। पिछले दो महीनों में हालात बदतर हो चुके हैं। रविवार को ही कोरोना मरीजों का सबसे ज्यादा 725 पॉजिटिव केसों का आंकड़ा आया है। इसके बावजूद सब्जी मंडी में टूट रहे कोविड नियम पर किसी का ध्यान नहीं।
प्रशासन के आदेश, पुलिस नहीं करा रही लागू
कोरोना संक्रमण को लेकर कोविड नियमों के जो आदेश प्रशासन जारी कर रहा है, उसे पुलिस जमीनी स्तर पर सख्ती से लागू नहीं करा रही। पुलिस व प्रशासन के बीच यह चूल्हा-बिल्ली के खेल जैसा हो चुका है। पहले पुलिस व प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल की वजह से कोरोना के शुरूआती दौर में लॉकडाउन का बेहतर पालन हुआ था। अब इसके उलट हो रहा है। अब अफसर ऑफिस से आदेश देने तक सीमित हो गए हैं। बड़े अफसरों के जमीन पर न उतरने से निचले स्तर के कर्मचारी अपने ढंग से काम कर लापरवाही बरत रहे हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


