

नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- India Immigration Rules 2026 : भारत से विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए 1 सितंबर 2026 से एक बड़ा बदलाव लागू होने जा रहा है। अब अंतरराष्ट्रीय उड़ान भरने वाले यात्रियों को इमिग्रेशन अधिकारियों से अपने बोर्डिंग पास पर फिजिकल स्टैम्प लगवाने की जरूरत नहीं होगी। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (BoI) ने सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर इस नई व्यवस्था को लागू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
नई व्यवस्था के तहत यात्री अपने स्मार्टफोन पर मौजूद ई-बोर्डिंग पास दिखाकर इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इससे यात्रियों को कागजी बोर्डिंग पास संभालने की झंझट से राहत मिलेगी और यात्रा प्रक्रिया अधिक आसान एवं डिजिटल बनेगी।
क्या बदलेगा 1 सितंबर से?
अब इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर फिजिकल स्टैम्प लगाने की अनिवार्यता खत्म कर दी जाएगी। हालांकि यात्री चाहें तो फिजिकल बोर्डिंग पास का उपयोग कर सकते हैं, लेकिन उस पर इमिग्रेशन अधिकारियों की मुहर नहीं लगेगी। इमिग्रेशन क्लीयरेंस के लिए मोबाइल में मौजूद डिजिटल बोर्डिंग पास भी पूरी तरह मान्य होगा।
क्यों लिया गया यह फैसला?
अधिकारियों के अनुसार कई बार बोर्डिंग पास पर गलत या अस्पष्ट स्टैम्प लगने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। कुछ मामलों में स्टैम्प ठीक से न लगने के कारण दस्तावेजों को पढ़ने में भी दिक्कत आती थी। इसी वजह से प्रक्रिया की समीक्षा के बाद इसे समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
क्या अब बोर्डिंग पास की जरूरत नहीं होगी?
नहीं, यात्रियों को अब भी बोर्डिंग पास रखना अनिवार्य होगा। एयरपोर्ट एंट्री, सुरक्षा जांच और बोर्डिंग सहित अन्य प्रक्रियाओं के लिए बोर्डिंग पास जरूरी रहेगा। फर्क सिर्फ इतना है कि इमिग्रेशन अधिकारी अब उस पर स्टैम्प नहीं लगाएंगे। इसलिए यात्रियों को अपने मोबाइल में ई-बोर्डिंग पास सुरक्षित रखना होगा।
India Immigration Rules 2026 : यात्रियों को क्या होगा फायदा?
नई व्यवस्था से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की यात्रा प्रक्रिया अधिक तेज और सुविधाजनक होगी। डिजिटल बोर्डिंग पास के उपयोग से कागजी दस्तावेजों पर निर्भरता कम होगी और गलत स्टैम्पिंग से होने वाली परेशानियों से भी छुटकारा मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम भारत की एयर ट्रैवल प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
पासपोर्ट स्टैम्प भी हो सकते हैं डिजिटल
सूत्रों के अनुसार सरकार भविष्य में भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए एंट्री और एग्जिट स्टैम्पिंग को भी डिजिटल बनाने पर विचार कर रही है। इसके लिए पायलट प्रोजेक्ट की तैयारी चल रही है। यदि यह सफल रहा तो आने वाले वर्षों में इमिग्रेशन रिकॉर्ड पूरी तरह डिजिटल हो सकते हैं।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


