
विशाखापत्तनम (वीकैंड रिपोर्ट)- INS Mahendragiri Indian Navy : भारतीय नौसेना की समुद्री शक्ति को नई मजबूती देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को विशाखापत्तनम स्थित नौसेना डॉकयार्ड में अत्याधुनिक स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस महेंद्रगिरि (INS Mahendragiri) को औपचारिक रूप से भारतीय नौसेना में शामिल किया। यह प्रोजेक्ट-17ए के तहत निर्मित छठा स्वदेशी युद्धपोत है, जिसे नौसेना की ईस्टर्न फ्लीट का हिस्सा बनाया गया है।
समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश देश के रक्षा और एयरोस्पेस निर्माण क्षेत्र में तेजी से एक नई शक्ति बनकर उभर रहा है। उन्होंने बताया कि INS महेंद्रगिरि हवा, समुद्र और पानी के भीतर से आने वाले खतरों का एक साथ सामना करने में सक्षम है और यह भारतीय नौसेना की युद्ध क्षमता को नई ऊंचाई देगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि हाल के वैश्विक घटनाक्रमों ने एक मजबूत और त्वरित प्रतिक्रिया देने वाली नौसेना की आवश्यकता को और अधिक स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में तनाव के दौरान भारतीय नौसेना ने ‘ऑपरेशन ऊर्जा सुरक्षा’ के तहत 9,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का आवश्यक सामान ले जा रहे 18 व्यापारिक जहाजों को सुरक्षित मार्ग प्रदान किया। इससे भारतीय नौसेना की रणनीतिक क्षमता और आर्थिक हितों की सुरक्षा में उसकी अहम भूमिका सामने आई है।
INS Mahendragiri Indian Navy : आईएनएस महेंद्रगिरि को भारतीय नौसेना के वॉरशिप डिजाइन ब्यूरो ने डिजाइन किया है, जबकि इसका निर्माण मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (मुंबई) ने किया है। यह युद्धपोत आधुनिक स्टील्थ तकनीक, अत्याधुनिक सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली और उच्च स्तरीय ऑटोमेशन से लैस है, जिससे यह दुश्मन के रडार से बचते हुए प्रभावी सैन्य अभियान संचालित कर सकता है।
इस अत्याधुनिक युद्धपोत में 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी उपकरण और तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इसके निर्माण में देश के अनेक एमएसएमई (MSME) उद्योगों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिससे रोजगार और स्वदेशी रक्षा निर्माण को बढ़ावा मिला है।
आईएनएस महेंद्रगिरि समुद्री सुरक्षा, खोज एवं बचाव अभियान, मानवीय सहायता, आपदा राहत और लंबी दूरी के सैन्य अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम देने में सक्षम है। इसका नाम पूर्वी घाट की महेंद्रगिरि पर्वत श्रृंखला के नाम पर रखा गया है, जो शक्ति, दृढ़ता और संकल्प का प्रतीक मानी जाती है। इस युद्धपोत का आदर्श वाक्य “Mighty, Majestic, Matchless” है, जो इसकी ताकत, गौरव और उत्कृष्टता को दर्शाता है।
INS Mahendragiri Indian Navy : अधिकारियों का मानना है कि INS महेंद्रगिरि के नौसेना में शामिल होने से भारत की समुद्री सुरक्षा, स्वदेशी रक्षा निर्माण क्षमता और हिंद महासागर क्षेत्र में रणनीतिक उपस्थिति को और मजबूती मिलेगी।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


