
गुवाहाटी, 30 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Assam Flood : पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून ने भारी तबाही मचा दी है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण अरुणाचल प्रदेश और असम के कई जिलों में बाढ़ और भूस्खलन की गंभीर स्थिति बन गई है। कई सड़कें धंस गई हैं, पुल बह गए हैं और हजारों लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। प्रशासन और राहत एजेंसियां लगातार बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन से भारी नुकसान
अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई है। अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य के लापता होने की खबर है। भारतीय वायुसेना (IAF) और SDRF की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। तेज बहाव के कारण सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पूर्वी कामेंग और पक्के केसांग जिलों को जोड़ने वाला पुल भी टूट गया है, जिससे कई क्षेत्रों का संपर्क पूरी तरह कट गया है।
असम में बाढ़ की लहर, 300 मीटर लंबा पुल बहा
अरुणाचल से आने वाले बाढ़ के पानी ने असम में भी हालात बिगाड़ दिए हैं। धेमाजी, लखीमपुर, बिश्वनाथ और सोनितपुर सहित कई जिलों में बाढ़ का प्रकोप जारी है। धेमाजी जिले में केमी नदी पर बना 300 मीटर लंबा लोहे का पुल तेज बहाव में बह गया, जिससे केमी-पुराना जेलोम और जोनाई सदर के बीच सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया। इसके अलावा सिमेन नदी पर रेलवे पुल भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है।
Assam Flood : 100 से अधिक गांव जलमग्न, हजारों लोग प्रभावित
बाढ़ की वजह से निचले इलाकों में घरों और खेतों में पानी भर गया है। कई सड़कें धंस गई हैं और परिवहन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। धेमाजी जिले में 20 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, चार राजस्व सर्किलों के 69 गांवों के करीब 16 हजार लोग बाढ़ की चपेट में हैं। कई पशुधन भी बाढ़ में बह गए हैं।
केंद्र और राज्य सरकार अलर्ट मोड पर
बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली और हर संभव सहायता का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और राहत कार्यों के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर रही है।
भूस्खलन में बाइकर बहा, प्रशासन ने जारी की चेतावनी
अरुणाचल प्रदेश के लोअर सियांग जिले के सिजी क्षेत्र में भूस्खलन का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी का हिस्सा टूटने से एक बाइकर मलबे के साथ बहता दिखाई दिया। राहत की बात यह रही कि उसकी जान बच गई। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक पूर्वोत्तर में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है और लोगों से नदी किनारे जाने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


