
जालंधर, 18 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Vigilance Bribery Case : पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी कार्रवाई के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) जालंधर में तैनात सब-इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार यह कार्रवाई जालंधर जिले के गांव गोहावर निवासी एक महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई।
परिवार को फंसाने की धमकी देकर मांगी रिश्वत
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके भाई के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपी एसआई अमनदीप सिंह कथित तौर पर परिवार के अन्य सदस्यों को भी केस में फंसाने और उनकी संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने की धमकी दे रहा था। महिला का आरोप है कि आरोपी पुलिस अधिकारी पहले ही विभिन्न मौकों पर 6.50 लाख रुपये रिश्वत के रूप में वसूल चुका था और अब उसकी भाभी का नाम केस में शामिल न करने के बदले 2 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था।
Punjab Vigilance Bribery Case : 1 लाख रुपये लेते हुए दबोचा गया
शिकायतकर्ता ने आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया और इसकी शिकायत विजिलेंस ब्यूरो यूनिट कपूरथला को सौंप दी। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस ने कार्रवाई की योजना बनाई। विजिलेंस टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी एसआई को शिकायतकर्ता से 1 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
कांस्टेबल मौके से फरार
विजिलेंस की कार्रवाई के दौरान आरोपी एसआई के साथ मौजूद कांस्टेबल मनिंदर सिंह वाहन सहित मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना विजिलेंस ब्यूरो जालंधर में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है और इस केस से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


