
काकामिगाहारा (जापान) (वीकैंड रिपोर्ट)- India U18 Asia Cup Champion : भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान जापान को 4-1 से हराकर एशियाई हॉकी में अपना दबदबा साबित किया। भारत की इस ऐतिहासिक जीत के नायक आशीष पुर्ती रहे, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाकर टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। फाइनल मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच शुरू होने के महज 90 सेकंड बाद भारतीय टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे आशीष पुर्ती ने शानदार तरीके से गोल में बदलकर भारत को शुरुआती बढ़त दिला दी। पहले क्वार्टर के अंत तक भारत 1-0 से आगे रहा, जबकि जापान भारतीय डिफेंस को भेदने में नाकाम रहा।
दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखा। 28वें मिनट में आशीष पुर्ती ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके कुछ ही क्षण बाद प्रह्लाद राजभर की बेहतरीन पहल पर कप्तान केतन कुशवाहा ने 30वें मिनट में गोल कर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। हाफ टाइम तक भारतीय टीम पूरी तरह मुकाबले पर हावी रही।
तीसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रमण जारी रखा। 34वें मिनट में मिले एक और पेनल्टी कॉर्नर को आशीष पुर्ती ने गोल में तब्दील कर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को 4-0 की मजबूत बढ़त दिला दी। इसके साथ ही उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।
अंतिम क्वार्टर में जापान ने वापसी की कोशिश की और 52वें मिनट में नुमादा गाकू ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला। हालांकि यह गोल केवल सांत्वना भर साबित हुआ। भारतीय रक्षा पंक्ति ने इसके बाद जापान को कोई बड़ा मौका नहीं दिया और मुकाबला 4-1 से अपने नाम कर लिया।
India U18 Asia Cup Champion : आशीष पुर्ती को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कुल 13 गोल दागकर शीर्ष स्कोरर बनने का गौरव भी हासिल किया। भारतीय हॉकी महासंघ ने टीम की इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों को सम्मानित करने की घोषणा की है। स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ को 1.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं महिला अंडर-18 टीम के कांस्य पदक जीतने पर खिलाड़ियों को 1 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है। गौरतलब है कि सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जहां टीम ने जापान को हराकर एशियाई चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


