
नई दिल्ली, 30 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Weather Alert : उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन तेज आंधी, तूफान और भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड के कई इलाकों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है शनिवार शाम दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के लाखों लोगों के मोबाइल फोन पर तेज अलर्ट साउंड के साथ मौसम संबंधी चेतावनी संदेश भी जारी किया गया। इसमें लोगों को खराब मौसम और तेज हवाओं से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-NCR में 100 KMPH तक चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ कई क्षेत्रों में भारी बारिश और गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है दिल्ली के आर.के. पुरम, इंडिया गेट और कई अन्य इलाकों में शनिवार शाम तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। विभाग ने कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका भी व्यक्त की है।
Weather Alert : राजस्थान में रेत के तूफान ने बढ़ाई परेशानी
पाकिस्तान की ओर से आए शक्तिशाली धूल भरे तूफान ने राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में हालात बिगाड़ दिए हैं। श्रीगंगानगर, बीकानेर और हनुमानगढ़ में तेज रफ्तार धूल भरी आंधी के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। कम दृश्यता के चलते वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार यह तूफान अब सीकर और आसपास के क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है।
हिमाचल में फिर लौटी ठंड
हिमाचल प्रदेश में बारिश के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी शिमला समेत कई पहाड़ी इलाकों में मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य में बारिश और खराब मौसम बने रहने की संभावना जताई है।
मोबाइल पर क्यों आया अलर्ट?
केंद्र सरकार और मौसम विभाग द्वारा इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम के जरिए लोगों के मोबाइल फोन पर चेतावनी संदेश भेजे गए। इसका उद्देश्य लोगों को समय रहते खराब मौसम की जानकारी देना और संभावित नुकसान से बचाना है।
Weather Alert : प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही पेड़ों, बिजली के खंभों, होर्डिंग्स और जर्जर इमारतों से दूर रहने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों को कम दृश्यता और तेज हवाओं के बीच विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अगले 48 घंटे रहेंगे अहम
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण अगले 24 से 48 घंटों तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


