
चंडीगढ़, 27 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Weather Update : पंजाब में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। आसमान से बरस रही आग जैसी तपिश के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि पंखे, कूलर और कई जगहों पर एसी भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। सुबह 9 बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर शुरू हो जाता है, जबकि दोपहर होते-होते शहरों की व्यस्त सड़कें भी सुनसान दिखाई देने लगती हैं।
लू और तेज गर्मी से बचने के लिए लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। वहीं जरूरी काम से बाहर जाने वाले लोग सूती कपड़ों और चेहरे को ढककर निकल रहे हैं ताकि गर्म हवाओं से बचाव किया जा सके।
मौसम विभाग ने 27 मई को लेकर पंजाब के कई जिलों में भीषण लू को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी भी दी गई है। विभाग के अनुसार मोहाली, पटियाला, लुधियाना, बठिंडा, मानसा और संगरूर समेत कई इलाकों में भीषण लू चलने की संभावना है। लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।
Punjab Weather Update : हालांकि लगातार पड़ रही इस भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर भी दी है। विभाग के मुताबिक 28 और 29 मई को पंजाब के कई हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 और 30 मई को हल्की से मध्यम बारिश के बाद तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


