लखनऊ, 14 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- UP weather : उत्तर प्रदेश में बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। राज्य के कई जिलों में पेड़ उखड़ गए, कच्चे मकान ढह गए और दीवारें गिरने की घटनाएं सामने आईं। हादसों में अब तक 54 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
भदोही में सबसे ज्यादा तबाही
सबसे ज्यादा असर भदोही जिले में देखने को मिला, जहां अलग-अलग घटनाओं में 15 लोगों की जान चली गई। इसके अलावा आठ लोग घायल हुए हैं और 16 मवेशियों की भी मौत हुई है। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ तूफान शुरू हो गया।
पेड़ गिरने से मां-बेटियों की मौत
भदोही के सुरियावां थाना क्षेत्र के खरगसेनपट्टी गांव में मकान पर पेड़ गिरने से एक महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। वहीं औराई थाना क्षेत्र में भी पेड़ गिरने से कई लोगों की जान चली गई।
UP weather : कई जिलों में मौतें
जानकारी के अनुसार:
- प्रयागराज में 16 लोगों की मौत
- मिर्जापुर में 10 मौतें
- फतेहपुर में 9 लोगों की जान गई
- हरदोई में 2 मौतें
- कानपुर देहात और कौशांबी में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई
शैलेश कुमार ने भदोही में 15 मौतों और आठ घायलों की पुष्टि की है।
बिजली गिरने और मलबे में दबने से हादसे
कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। मिर्जापुर समेत कई जिलों में पेड़, बिजली के खंभे और दीवारें गिरने से बड़े हादसे हुए। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) रेफर किया गया है।