
नई दिल्ली, 30 मार्च 2026: (वीकैंड रिपोर्ट)- Weather Alert : देशभर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। जहां मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने लगी है, वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए 17 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं, बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है।
राजधानी दिल्ली में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। दोपहर और शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। धूल भरी आंधी भी लोगों को परेशान कर सकती है। तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान करीब 19.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
Weather Alert : उत्तर प्रदेश में 30 और 31 मार्च को कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं 3 अप्रैल से एक बार फिर बारिश का नया दौर शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।
बिहार में 29 मार्च से 1 अप्रैल तक मौसम सक्रिय रहेगा। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश होने की संभावना है।
उधर, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। लाहौल-स्पीति के सिस्सू सहित कई क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ है। 30 मार्च को भारी बर्फबारी की चेतावनी दी गई है, जबकि 3 और 4 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से फिर बर्फबारी और बारिश हो सकती है।
Weather Alert : मौसम विभाग के अनुसार 2 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे कई राज्यों में मौसम फिर बदलेगा। 30 और 31 मार्च के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि पूर्वी भारत में 2 अप्रैल तक तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं।
बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं और आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


