
बैंकॉक, 11 मार्च 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Middle East War : मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट में बुधवार को एक बड़ा समुद्री हमला सामने आया है। थाईलैंड के मालवाहक जहाज ‘मयूरी नारी’ पर प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया, जिसके बाद जहाज से घना काला धुआं उठता देखा गया।
रॉयल थाई नेवी के अनुसार जहाज पर सवार 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन अन्य नाविकों की तलाश जारी है।
Middle East War : हमले के बाद शुरू हुआ बचाव अभियान
नेवी द्वारा जारी तस्वीरों में जहाज से उठता भारी काला धुआं और समुद्र में तैरती लाइफ राफ्ट दिखाई दे रही हैं। जानकारी के मुताबिक यह जहाज संयुक्त अरब अमीरात के खलीफा पोर्ट से रवाना हुआ था और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरते समय उस पर हमला हुआ।
थाई नेवी ने बताया कि घटना की सटीक वजह और हमले की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। वहीं ओमानी नेवी ने तुरंत बचाव अभियान चलाते हुए 20 नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रोजेक्टाइल से किया गया हमला
मैरीटाइम एजेंसियों और सुरक्षा सूत्रों के अनुसार जहाज को प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया। यह हमला उस समय हुआ जब जहाज ओमान के उत्तरी तट से करीब 11 नॉटिकल मील (लगभग 18 किलोमीटर) दूर समुद्र में यात्रा कर रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक 178 मीटर लंबा और करीब 30,000 टन वजन वाला यह बल्क कैरियर भारत के कांडला बंदरगाह की ओर जा रहा था। जहाज का स्वामित्व थाई ट्रांसपोर्ट कंपनी प्रेशियस शिपिंग के पास है।
Middle East War : शिपिंग मार्ग पर बढ़ा खतरा
ईरान और पश्चिमी देशों के बीच बढ़ते तनाव के चलते होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ गया है। यह समुद्री मार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल और गैस परिवहन मार्गों में से एक माना जाता है।
‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर’ ने भी पहले जानकारी दी थी कि बुधवार को खाड़ी क्षेत्र में तीन कमर्शियल जहाजों पर हमले की रिपोर्ट मिली है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना उन्हीं में से एक है या नहीं।
फिलहाल शिप-ट्रैकिंग वेबसाइट्स के अनुसार मयूरी नारी जहाज ओमानी तट के पास होर्मुज स्ट्रेट में धीमी गति से आगे बढ़ रहा था, तभी यह हमला हुआ।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


