
कनाडा/विंडसर (वीकैंड रिपोर्ट)- Nancy Grewal murder : पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर नैंसी ग्रेवाल की हत्या मामले में नया दावा सामने आया है। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में गैंगस्टर आकाश हरिके और उसके साथी सुखा संधू ने इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर आकाश हरिके के नाम से बने एक अकाउंट से यह पोस्ट साझा की गई, जिसमें कहा गया कि विंडसर, ओंटारियो में हुई नैंसी ग्रेवाल की हत्या उनके साथियों ने की है। पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि नैंसी धर्म और खालिस्तान से जुड़े मुद्दों पर कथित तौर पर विवादित बयान देती थीं, जिसके चलते यह कदम उठाया गया।
विवादों में रही थीं नैंसी ग्रेवाल
मिली जानकारी के अनुसार, 2018 में कनाडा जाने के बाद से नैंसी ग्रेवाल कई बार विवादों में रहीं। वह सोशल मीडिया पर पंजाब की राजनीति, धार्मिक मुद्दों और कई सार्वजनिक हस्तियों पर खुलकर टिप्पणी करती थीं। उन्होंने कथित तौर पर कुछ गुरुद्वारों में खालिस्तान समर्थकों के प्रभाव को लेकर भी वीडियो साझा किए थे, जिसके बाद वह कट्टरपंथी समूहों के निशाने पर आ गई थीं।परिजनों के मुताबिक, इससे पहले भी उन पर दो बार हमला हो चुका था, लेकिन वह बच गई थीं। परिवार का कहना है कि उन पर दबाव डाला गया था कि वे अपने बयानों के लिए माफी मांगें, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया।
View this post on Instagram
Nancy Grewal murder : कई नेताओं और धार्मिक हस्तियों पर की थी टिप्पणी
नैंसी ग्रेवाल ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट और यूट्यूब वीडियो में कई राजनीतिक और धार्मिक व्यक्तियों पर भी तीखी टिप्पणी की थी। इनमें बिक्रम सिंह मजीठिया, सुखबीर सिंह बादल, गुरिंदर सिंह ढिल्लों और गुरपतवंत सिंह पन्नू जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं।रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट में भी कुछ धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों को लेकर टिप्पणी की गई थी, जिससे विवाद और बढ़ गया था।
जांच जारी
कनाडा की स्थानीय पुलिस इस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर किए गए दावों की भी जांच की जा रही है और दोषियों तक पहुंचने के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


