
नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- EPFO New Mobile App 2026 : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन Employees’ Provident Fund Organisation (EPFO) अपने करोड़ों सब्सक्राइबर्स के लिए एक नया और एडवांस मोबाइल ऐप लॉन्च करने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, यह ऐप अप्रैल 2026 में शुरू किया जा सकता है। इस नए ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि सदस्य UPI के जरिए अपने PF खाते से सीधे बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे।
PF निकासी होगी और आसान
एक वरिष्ठ सूत्र के अनुसार, श्रम मंत्रालय ऐसे सिस्टम पर काम कर रहा है जिसमें EPF खाते की एक निश्चित राशि सुरक्षित रखी जाएगी, जबकि शेष पात्र राशि को UPI के माध्यम से तुरंत निकाला जा सकेगा। इससे कर्मचारियों को इमरजेंसी में फंड एक्सेस करना काफी आसान हो जाएगा।
नए ऐप से मिलेंगी कई डिजिटल सुविधाएं
नया EPFO मोबाइल ऐप सिर्फ UPI से पैसा निकालने तक सीमित नहीं होगा। इसके जरिए सब्सक्राइबर्स: PF पासबुक बैलेंस देख सकेंगे, निकासी के लिए पात्र राशि की जानकारी ले सकेंगे, तेज़ और आसान डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे फिलहाल EPFO की सेवाएं EPFO पोर्टल और UMANG ऐप के जरिए मिल रही हैं। ये दोनों प्लेटफॉर्म पहले की तरह चलते रहेंगे, जबकि नया ऐप सेवाओं को और अधिक यूज़र-फ्रेंडली बनाएगा।
EPFO New Mobile App 2026 : UPI पिन से होगा सुरक्षित लेनदेन
PF की राशि बैंक खाते में ट्रांसफर करने के लिए सब्सक्राइबर्स को UPI पिन डालना होगा। इससे लेनदेन पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी रहेगा।
टेस्टिंग अंतिम चरण में, अप्रैल में हो सकता है लॉन्च
सूत्रों के मुताबिक, EPFO इस ऐप की फाइनल टेस्टिंग कर रहा है और तकनीकी खामियों को दूर किया जा रहा है, ताकि लॉन्च के समय यूज़र्स को किसी तरह की परेशानी न हो। श्रम मंत्रालय का लक्ष्य इसे अप्रैल में बड़े स्तर पर लॉन्च करने का है। यह नया ऐप EPFO की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





