
जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Canada Work Permit : कनाडा में रह रहे भारतीयों के लिए वर्ष 2026 गंभीर चुनौतियां लेकर आ सकता है। आने वाले समय में लाखों भारतीयों के वर्क परमिट और स्टडी परमिट की अवधि समाप्त होने वाली है, जिससे उनका कानूनी दर्जा खतरे में पड़ सकता है। यदि समय रहते समाधान नहीं निकला, तो बड़ी संख्या में भारतीयों को कनाडा छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

कनाडाई सरकार और अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों के मुताबिक, 2025 के अंत तक करीब 10.5 लाख वर्क परमिट समाप्त हो जाएंगे, जबकि 2026 में लगभग 9.27 लाख अतिरिक्त परमिट की वैधता खत्म होगी। कुल मिलाकर अनुमान है कि 19 से 20 लाख लोग ऐसे हो सकते हैं, जिनका कनाडा में कानूनी रूप से रहना मुश्किल हो जाएगा।
यह भी पढ़ें : UK के मुकाबले पढ़ाई के बाद विदेश में बसने की पहली पसंद बना कनाडा, पढ़ें क्यों?
इस संकट का सबसे अधिक असर पंजाब से जुड़े भारतीयों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि कनाडा में बड़ी संख्या में पंजाबी समुदाय के लोग काम और पढ़ाई के लिए रह रहे हैं। अगर कनाडा सरकार ने स्थायी निवास (PR) या नए वीजा विकल्पों में राहत नहीं दी, तो करीब 10 लाख भारतीय तकनीकी रूप से अवैध अप्रवासी बन सकते हैं।

Canada Work Permit : छात्रों की स्थिति भी लगातार कठिन होती जा रही है। फर्जी कॉलेजों और अवैध एजेंटों के खिलाफ कनाडा सरकार की सख्ती के चलते हजारों स्टडी वीजा आवेदन खारिज हो चुके हैं। इसका सीधा असर भारतीय छात्रों, ट्रक ड्राइवरों, फैक्ट्री कर्मचारियों और डिलीवरी सेक्टर में काम करने वालों पर पड़ा है।
यह भी पढ़ें : ट्रंप की चेतावनी से शेयर बाजार में भूचाल, चार दिन में निवेशकों को ₹7 लाख करोड़ का झटका
पिछले दो वर्षों में कनाडा सरकार ने अस्थायी निवासियों की संख्या को देश की कुल आबादी के 5 प्रतिशत तक सीमित करने का लक्ष्य तय किया है। इसके चलते स्थायी निवास के विकल्प सीमित हो गए हैं और बढ़ती बेरोजगारी ने हालात और मुश्किल बना दिए हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि नीतियों में बदलाव नहीं हुआ, तो आने वाला समय कनाडा में रह रहे भारतीयों के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण दौर साबित हो सकता है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





