
फिरोजपुर (वीकैंड रिपोर्ट)- Heart Attack to Child : पंजाब के फिरोजपुर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 8 साल के मासूम बच्चे की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक बच्चे की पहचान मनप्रीत शर्मा के रूप में हुई है, जो फिरोजपुर स्थित आरएसडी राजरत्न पब्लिक स्कूल में कक्षा दूसरी का छात्र था।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब मनप्रीत अपने घर के बाहर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान वह अचानक घबरा गया और अपने परिजनों से कहा कि उसे तेज घबराहट और सीने में दर्द हो रहा है। बच्चे की हालत बिगड़ती देख परिवार वाले उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण अचानक हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
Heart Attack to Child : इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इतनी कम उम्र में बच्चे की मौत ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है।
बच्चे की मौत की पुष्टि करते हुए आरएसडी राजरत्न पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर प्रोफेसर एस.पी. आनंद ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि मनप्रीत पढ़ाई में बेहद होशियार और अनुशासित बच्चा था। उसकी अचानक हुई मौत से स्कूल स्टाफ, छात्र और पूरे फिरोजपुर शहर में शोक का माहौल है। उन्होंने यह भी कहा कि इस दुख की घड़ी में स्कूल प्रबंधन पूरी तरह से मनप्रीत के परिवार के साथ खड़ा है।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि इतनी कम उम्र में बच्चों में हृदय संबंधी समस्याएं कैसे सामने आ रही हैं। फिलहाल पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


