
वॉशिंगटन (वीकैंड रिपोर्ट)- Venezuela Crisis : वेनेजुएला और अमेरिका के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव ने अब एक नाटकीय मोड़ ले लिया है। संयुक्त राज्य अमेरिका की सेना ने एक बड़े और हाई-प्रोफाइल सैन्य अभियान को अंजाम देते हुए वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को राजधानी काराकास से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों को अमेरिका ले जाया गया। इस कार्रवाई ने न केवल लैटिन अमेरिका बल्कि पूरी दुनिया की राजनीति में हलचल मचा दी है।

जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी खतरे को भांपते हुए मादुरो सरकार ने पहले ही देश में भारी सैन्य तैनाती कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद अमेरिकी सैनिक राजधानी में प्रवेश करने में सफल रहे। इस ऑपरेशन के बाद एक और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। बताया गया है कि इस सैन्य कार्रवाई के दौरान वेनेजुएला की मदद के लिए तैनात क्यूबा के 32 अधिकारी मारे गए हैं।

यह भी पढ़ें : अमेरिका का वेनेजुएला पर हमला: राष्ट्रपति मादुरो को गिरफ्तार कर बाहर ले जाने का दावा
Venezuela Crisis : क्यूबा सरकार ने रविवार को आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि की। क्यूबा के सरकारी टेलीविजन पर जारी बयान में कहा गया कि वेनेजुएला सरकार के अनुरोध पर क्यूबा के सैन्य और पुलिस अधिकारी एक विशेष मिशन के तहत वहां तैनात थे। बयान में कहा गया कि इन अधिकारियों ने अमेरिकी हमले का साहसपूर्वक सामना किया और भारी बमबारी व संघर्ष के दौरान अपनी जान गंवा दी। क्यूबा सरकार ने अपने मारे गए अधिकारियों के सम्मान में दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। गौरतलब है कि क्यूबा और वेनेजुएला लंबे समय से करीबी सहयोगी रहे हैं और सुरक्षा मामलों में एक-दूसरे का समर्थन करते रहे हैं।

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस ऑपरेशन को बेहद जोखिम भरा बताते हुए अमेरिकी सेना की सराहना की है। ट्रंप ने कहा कि इस कार्रवाई में दूसरी तरफ भारी जान-माल का नुकसान हुआ, जबकि अमेरिकी सेना को कोई जानलेवा क्षति नहीं पहुंची। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि ऑपरेशन के दौरान कुछ अमेरिकी सैनिक घायल हुए और एक हेलीकॉप्टर को नुकसान पहुंचा, लेकिन सभी सैनिक सुरक्षित वापस लौट आए। इस सैन्य कार्रवाई के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और कूटनीतिक हलचल और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : Grok पर अश्लील कंटेंट को लेकर X सख्त: AI से आपत्तिजनक तस्वीरें बनाने पर अकाउंट होगा हमेशा के लिए बैन
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





