
वॉशिंगटन, 10 मार्च 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- NASA Satellite Reentry : अंतरिक्ष से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का करीब 600 किलोग्राम वजनी सैटेलाइट ‘Van Allen Probe A’ आज यानी 10 मार्च 2026 को पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करने जा रहा है। लगभग 14 साल तक अंतरिक्ष में सक्रिय रहने के बाद यह उपग्रह अब अपने मिशन के अंतिम चरण में पहुंच गया है और तेजी से धरती की ओर बढ़ रहा है। अमेरिकी अंतरिक्ष बल इसकी हर गतिविधि पर लगातार नजर रखे हुए है और स्थिति पर अपडेट जारी कर रही है।
क्या इंसानों को है कोई खतरा?
इस बड़े सैटेलाइट के धरती की ओर आने की खबर से लोगों में चिंता जरूर बढ़ी है, लेकिन नासा ने साफ किया है कि इससे किसी बड़े नुकसान की संभावना बेहद कम है। अमेरिकी स्पेस फोर्स के 9 मार्च के अपडेट के मुताबिक यह सैटेलाइट भारतीय समयानुसार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच वायुमंडल में प्रवेश कर सकता है, हालांकि समय में लगभग 24 घंटे का अंतर भी संभव है। वैज्ञानिकों के अनुसार वायुमंडल में प्रवेश करते ही तेज घर्षण के कारण इसका ज्यादातर हिस्सा जलकर नष्ट हो जाएगा। कुछ मजबूत टुकड़े पृथ्वी तक पहुंच सकते हैं, लेकिन इससे किसी व्यक्ति या संपत्ति को नुकसान होने की संभावना बहुत कम बताई गई है।
NASA Satellite Reentry : क्या था इस सैटेलाइट का मिशन?
अगस्त 2012 में नासा ने Van Allen Probe A और इसके जुड़वां सैटेलाइट Probe B को अंतरिक्ष में लॉन्च किया था। इनका उद्देश्य पृथ्वी के चारों ओर मौजूद Van Allen Radiation Belts यानी विकिरण क्षेत्र का अध्ययन करना था। ये बेल्ट सूर्य से आने वाले खतरनाक कणों को रोककर पृथ्वी को सुरक्षा प्रदान करते हैं। इस मिशन का नाम महान वैज्ञानिक James Van Allen के सम्मान में रखा गया था। हालांकि यह मिशन मूल रूप से सिर्फ दो साल के लिए बनाया गया था, लेकिन दोनों उपग्रहों ने उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन करते हुए 2019 तक वैज्ञानिकों को अहम डेटा उपलब्ध कराया।
2034 तक रहना था अंतरिक्ष में
वैज्ञानिकों का अनुमान था कि ये सैटेलाइट 2034 तक पृथ्वी की कक्षा में सुरक्षित रहेंगे, लेकिन हाल के वर्षों में सूर्य की बढ़ती सक्रियता के कारण पृथ्वी का वायुमंडल थोड़ा फैल गया। इस वजह से ऊपरी कक्षा में मौजूद उपग्रहों पर हवा का घर्षण बढ़ गया, जिससे Van Allen Probe A तेजी से नीचे आने लगा और अब यह पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश कर अपना सफर समाप्त करने जा रहा है। वहीं इसका जुड़वां उपग्रह Probe B अभी अधिक ऊंचाई पर है, इसलिए उसके 2030 से पहले धरती पर गिरने की संभावना नहीं बताई जा रही है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


