
वेलिंगटन, 31 मार्च 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Middle East Tensions : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक तेल बाजारों पर साफ नजर आने लगा है, जिससे ईंधन की कीमतों में उछाल आया है। इस बीच न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने बढ़ती महंगाई के बीच अपनी सरकार की लक्षित राहत नीति का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड वैश्विक ऊर्जा कीमतों को नियंत्रित नहीं कर सकता, लेकिन उन लोगों की मदद करना जरूरी है जो इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री लक्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण न्यूजीलैंड में पेट्रोल की कीमतें सीधे तौर पर बढ़ रही हैं, जिसका असर आम परिवारों और कारोबारों पर पड़ रहा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सभी के लिए व्यापक राहत देने का जोखिम नहीं उठा सकती, क्योंकि इससे महंगाई और सरकारी कर्ज बढ़ सकता है, जैसा कि कोविड-19 के दौरान हुआ था।
Middle East Tensions : सरकार ने जरूरतमंद लोगों के लिए सीमित अवधि की लक्षित सहायता देने का फैसला किया है। इसके तहत ‘इन-वर्क टैक्स क्रेडिट’ में अस्थायी बढ़ोतरी की गई है, जिससे करीब 1.43 लाख निम्न और मध्यम आय वाले कामकाजी परिवारों को अप्रैल की शुरुआत से हर हफ्ते 50 न्यूजीलैंड डॉलर (करीब 4500 रुपये) अतिरिक्त मिलेंगे। यह सहायता एक साल तक या पेट्रोल की कीमतों में कमी आने तक जारी रहेगी।
इसके अलावा, करीब 14 हजार और परिवारों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य महंगाई या कर्ज बढ़ाए बिना लोगों पर बढ़ते खर्च का बोझ कम करना है। इस पैकेज के तहत 10 लाख से ज्यादा लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं में बढ़ी हुई सहायता मिलेगी।
करीब 10 लाख पेंशनभोगियों को बढ़ी हुई पेंशन का लाभ मिलेगा, जिसमें विवाहित जोड़ों के लिए हर दो हफ्ते का भुगतान 50 डॉलर से अधिक बढ़ेगा। वहीं, लगभग 2.8 लाख परिवारों को फैमिली टैक्स क्रेडिट में बढ़ोतरी से सालाना 1,050 डॉलर तक की अतिरिक्त मदद मिल सकती है। छात्रों और अन्य लाभार्थियों को भी हर दो हफ्ते में लगभग 20 डॉलर अधिक दिए जाएंगे।
Middle East Tensions : सरकार ने ‘वर्किंग फॉर फैमिलीज’ योजना में बदलाव कर करीब 1.4 लाख और परिवारों को सहायता देने का निर्णय लिया है। साथ ही, ‘कीवीसेवर’ योजना को भी बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि लोग अपने पहले घर की खरीद या रिटायरमेंट के लिए बेहतर बचत कर सकें।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


