
नई दिल्ली, 27 अप्रैल 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- India-New Zealand Free Trade Agreement Signed : भारत और न्यूज़ीलैंड ने सोमवार को एक ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर हस्ताक्षर किए, जिससे दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों में नया अध्याय जुड़ गया है। इस समझौते के तहत न्यूज़ीलैंड को होने वाले 100 प्रतिशत भारतीय निर्यात पर टैरिफ छूट मिलेगी, जबकि न्यूजीलैंड से भारत आने वाले 95 प्रतिशत सामान पर टैरिफ में राहत दी गई है या शुल्क कम किया गया है। इस समझौते पर हस्ताक्षर पीयूष गोयल और उनके न्यूजीलैंड समकक्ष टॉड मैकक्ले की मौजूदगी में हुए। 16 मार्च 2025 को शुरू हुई बातचीत सिर्फ 9 महीनों में पूरी हो गई, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड माना जा रहा है।
भारतीय निर्यातकों को बड़ा फायदा
इस FTA के तहत भारत को सभी टैरिफ उत्पादों पर तत्काल 100 प्रतिशत शुल्क-मुक्त पहुंच मिलेगी। इससे वस्त्र, परिधान, चमड़ा, टोपी, चीनी मिट्टी के बर्तन, कालीन, वाहन और ऑटो पार्ट्स जैसे सेक्टर्स को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
न्यूजीलैंड करेगा 20 अरब डॉलर का निवेश
समझौते के तहत न्यूज़ीलैंड अगले 15 वर्षों में India में 20 अरब डॉलर निवेश करेगा। यह निवेश प्रतिबद्धता यूरोपीय मुक्त व्यापार संगठन द्वारा भारत के साथ किए गए निवेश मॉडल जैसी मानी जा रही है।
India-New Zealand Free Trade Agreement Signed : छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा
इस समझौते की सबसे खास बात यह है कि न्यूज़ीलैंड ने पहली बार किसी देश के साथ स्टूडेंट मोबिलिटी और पोस्ट-स्टडी वर्क वीजा से जुड़ा समझौता किया है। अब भारतीय छात्र न्यूज़ीलैंड में पढ़ाई के दौरान प्रति सप्ताह 20 घंटे काम कर सकेंगे और पढ़ाई पूरी होने के बाद विस्तारित वर्क वीजा का लाभ भी मिलेगा।
प्रोफेशनल्स के लिए खुलेंगे नए मौके
FTA के तहत स्किल्ड भारतीय प्रोफेशनल्स को भी बड़ा फायदा मिलेगा। न्यूज़ीलैंड हर साल 5,000 अस्थायी रोजगार वीजा जारी करेगा, जिसके तहत भारतीय पेशेवर वहां 3 साल तक काम कर सकेंगे। इसके अलावा वर्किंग हॉलिडे वीजा प्रोग्राम के तहत हर साल 1,000 भारतीय युवा 12 महीने तक न्यूजीलैंड में कई बार एंट्री कर सकेंगे।
डेयरी और कृषि उत्पाद रहे बाहर
भारत ने अपने डेयरी और कृषि हितों को सुरक्षित रखते हुए दूध, क्रीम, दही, पनीर और कई कृषि उत्पादों को इस FTA से बाहर रखने में सफलता हासिल की है। यह समझौता व्यापार, निवेश, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में दोनों देशों के लिए बड़ा गेमचेंजर साबित हो सकता है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


