
नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Grok AI controversy : केंद्र सरकार की सख्त आपत्ति और चेतावनी के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) ने अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। प्लेटफॉर्म ने 600 से अधिक यूजर अकाउंट्स को डिलीट कर दिया है, जबकि 3500 से ज्यादा आपत्तिजनक पोस्ट भी हटाई गई हैं।
यह कार्रवाई केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के उस आदेश के बाद की गई, जिसमें X पर बढ़ती अश्लील और महिलाओं को बदनाम करने वाली सामग्री पर गंभीर चिंता जताई गई थी। मंत्रालय ने X को 72 घंटे के भीतर नियमों का पालन करने की चेतावनी दी थी और ऐसा न करने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही थी।
सरकार की सख्ती के बाद X ने आश्वासन दिया है कि वह अपने प्लेटफॉर्म पर अश्लील सामग्री को बर्दाश्त नहीं करेगा और भारत सरकार के आईटी नियमों का पूरी तरह पालन करेगा। कंपनी ने कहा है कि यूजर सेफ्टी और डिजिटल जिम्मेदारी उसकी प्राथमिकता है।
Grok AI controversy : इस मामले में X के एआई चैटबॉट ‘ग्रोक’ को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। आरोप है कि ग्रोक के जरिए महिलाओं और बच्चों की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाई गईं और सोशल मीडिया पर शेयर की गईं। केंद्र सरकार ने इसे एआई तकनीक का घोर दुरुपयोग बताया है।
फ्रांस, ब्राजील, मलेशिया और यूरोपीय यूनियन जैसे कई देशों ने भी ग्रोक को लेकर चिंता जताई है। एक रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर के अंत और जनवरी की शुरुआत में ग्रोक द्वारा बनाई गई हजारों तस्वीरों में से कई आपत्तिजनक श्रेणी में पाई गईं।
विशेषज्ञों का कहना है कि एआई तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ उसके दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त कानून और निगरानी बेहद जरूरी है। सरकार की यह कार्रवाई इसी दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


