How many people have died from Corona so far and how well
-
अमेरिका ने कोरोना को लेकर सही कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर डब्ल्यूएचओ का फंड रोका
-
माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन बिल गेट्स ने कहा- मौजूदा समय में दुनिया को डब्ल्यूएचओ की पहले से ज्यादा जरूरत है।
वॉशिंगटन/रोम. दुनियाभर में कोरोनावायरस से अब तक 20 लाख 765 लोग संक्रमित हो चुके हैं। एक लाख 26 हजार 776 की मौत हो चुकी है। राहत की बात ये कि इसी दौरान चार लाख 84 हजार 831 मरीज स्वस्थ भी हुए। माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के सह संस्थापक और चेयरमैन बिल गेट्स ने कोरोना के लगातार बढ़ते संक्रमण के बीच अमेरिका की ओर से विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की फंडिंग रोकने को खतरनाक बताया है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि डब्ल्यूएचओ का फंड रोकने के लिए यह सही समय नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कोरोना को लेकर सही कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर संगठन की फंडिंग रोक दी है।
कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश
देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 6 लाख 14 हजार 246 | 26 हजार 064 | 38 हजार 820 |
स्पेन | 1 लाख 74 हजार 060 | 18 हजार 255 | 67 हजार 504 |
इटली | 1 लाख 62 हजार 488 | 21 हजार 067 | 37 हजार 130 |
फ्रांस | 1 लाख 43 हजार 303 | 15 हजार 729 | 28 हजार 805 |
जर्मनी | 1 लाख 31 हजार 359 | 3 हजार 294 | 68 हजार 200 |
ब्रिटेन | 93 हजार 873 | 12 हजार 107 | उपलब्ध नहीं |
चीन | 82 हजार 249 | 3 हजार 341 | 77 हजार 738 |
ईरान | 74 हजार 877 | 4 हजार 663 | 48 हजार 129 |
तुर्की | 65 हजार 111 | 1 हजार 403 | 4 हजार 789 |
बेल्जियम | 31 हजार 119 | 4 हजार 157 | 6 हजार 858 |
स्रोत: https://www.worldometers.info/coronavirus/
बिल गेट्स ने बुधवार को ट्वीट किया- डब्ल्यूएचओ की ओर से किए जा रहे कार्यों से कोरोना के संक्रमण को तेज गति से फैलने से रोकने में मदद मिली है। यदि डब्ल्यूएचओ का काम रुक जाता है तो कोई दूसरा संगठन उसका स्थान नहीं ले सकता। मौजूदा समय में विश्व को डब्ल्यूएचओ की पहले से कहीं ज्यादा जरूरत है।
Halting funding for the World Health Organization during a world health crisis is as dangerous as it sounds. Their work is slowing the spread of COVID-19 and if that work is stopped no other organization can replace them. The world needs @WHO now more than ever.
— Bill Gates (@BillGates) April 15, 2020
एंटोनियो गुटेरेस ने कहा- यह समय डब्ल्यूएचओ या कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले किसी अन्य मानव निर्मित संगठन के स्रोतों की कमी करने का समय नहीं है। जैसा कि मैंने पहले कहा है, यह समय इस संक्रमण को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय के एकजुट होने का है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा- डब्ल्यूएचओ की समीक्षा होगी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की फंडिंग रोक दी है। उन्होंने कहा कि अगर संगठन ने बुनियादी स्तर पर काम किया होता तो दुनियाभर में कम जान जाती। ट्रम्प ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में कहा, ‘‘आज मैं अपने प्रशासन को डब्ल्यूएचओ की फंडिंग रोकने का निर्देश दे रहा हूं। कोरोना को लेकर डब्ल्यूएचओ की भूमिका की समीक्षा की जाएगी। अमेरिका डब्ल्यूएचओ को सालाना करीब तीन हजार करोड़ रु. की वित्तीय सहायता प्रदान करता है।’’
द्वितीय विश्व युद्ध में लड़ने वाले 99 साल के सैनिक ने कोरोना को मात दी
द्वितीय विश्व युद्ध में लड़ने वाले 99 साल के सैनिक इर्मांडो पिवेटा मंगलवार को कोरोना संक्रमण से ठीक हो गए। पिवेटा ने ब्राजील की थल सेना में सेकंड लेफ्टिनेंट के तौर पर सेवाएं दी हैं। उन्होंने दूसरे विश्व युद्ध में ब्राजील की ओर से अफ्रीका में जंग लड़ा था। उन्हें ब्रासिलिया स्थित सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आठ दिन के इलाज के बाद जब वे हरे रंग का आर्मी कैप पहनकर बाहर निकले तो उन्हें ट्रंपेट बजाकर बधाई दी गई। वहीं, फ्रांस के विदेश मंत्री ने चीनी दूतावास के राजदूत को एक लेख में यूरोप की आलोचना करने के लिए समन भेजा है।
ब्राजील: आठ दिन के इलाज के बाद जब इर्मांडो पिवेटा हरे रंग का आर्मी कैप पहनकर बाहर निकले तो उन्हें ट्रंपेट बजाकर बधाई दी गई।अमेरिका: 24 घंटे में दो हजार 407 मौतें
अमेरिका में 24 घंटे में दो हजार 407 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही देश में मौतों का आंकड़ा 26 हजार 47 हो गया है। यहां संक्रमण के 26 हजार 945 नए मामले सामने आए हैं। देश में संक्रमितों की संख्या छह लाख 13 हजार 886 हो गई है। अमेरिका की नौसेना ने कहा- उसके शिप मर्सी अस्पताल के पांच सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। नौसेना ने बताया कि इन लोगों के संपर्क में आने वले लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। सेना ने कहा, “इसके कारण शिप पर होने वाले मरीजों के इलाज पर असर नहीं पड़ेगा।”
ब्रिटेन: 300 सालों में मंदी के सबसे बुरे दौर से गुजर सकता है देश
बजट पर नजर रखने वाले संस्था ने चेतावनी दी है कि अगर कोरोनावायरस के कारण लॉकडाउन गर्मियों तक रहता है तो ब्रिटेन 300 सालों में सबसे बुरे मंदी का सामना कर सकता है। ऑफिस फॉर बजट रिस्पॉन्सिबिलिटी (ओबीआर) ने कहा कि देश में बेरोजगारी 13 लाख से 34 लाख तक बढ़ सकती है। काम करने वाले 10 में से एक व्यक्ति बेरोजगार होगा। अप्रैल और जून के बीच अर्थव्यवस्था में 35% की कमी हो सकती है। यहां अब तक महामारी से 12 हजार 107 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 93 हजार 873 संक्रमित हैं।
इटली: एक दिन में 602 मौतें
इटली में पिछले दो दिनों में मौतों की संख्या में थोड़ी वृद्धि हुई है। यहां 24 घंटे में 602 लोगों की जान गई है। यहां सोमवार को 566 और रविवार को 431 न दम तोड़ा था। देश में अब तक 21 हजार 67 लोगों ने जान गंवाई है। वहीं यहां एक लाख 62 हजार 488 लोग संक्रमित हैं।
फ्रांस: चीन के राजदूत को समन
रायटर्स के मुताबिक, फ्रांस के विदेश मंत्री ने पेरिस स्थित चीनी दूतावास के राजदूत को समन भेजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी दूतावास के वेबसाइट पर लगातार दूसरा लेख प्रकाशित किया गया, जिसमें कोरोना संकट को लेकर यूरोप की आलोचना की गई है। विदेश मंत्री ज्यां-इव ली ने कहा कि चीनी दूतावास के प्रतिनिधियों द्वारा सार्वजनिक रूप से इस तरह की टिप्पणी द्विपक्षीय संबंधों की बुनियाद के खिलाफ है। प्रकाशित लेख में कहा गया था कि पश्चिमी देशों ने अपने बुजुर्गों को नर्सिंग होम में मरने के लिए छोड़ दिया था। चीन की ओर से यह लेख तब प्रकाशित किया गया जब फ्रांस ने चीन से लाखों मास्क मंगवाने का फैसला किया था। फ्रांस में महामारी से अब तक 15 हजार 729 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं यहां एक लाख 43 हजार 303 संक्रमित हैं।
स्पेन: अब तक 18 हजार 255 लोगों की जान गई
स्पेन में मंगलवार को 499 लोगों की मौत हुई है और तीन हजार 961 संक्रमित हुए हैं। यहां अब तक 18 हजार 255 जान गई है। वहीं, एक लाख 74 हजार संक्रमित हैं। स्पेन अमेरिका के बाद दूसरा देश है, जहां संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले हैं।
ईरान: 98 नई मौतें
ईरान में मंगलवार को 98 लोगों की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक चार हजार 683 जान जा चुकी है। वहीं, कोरोना से 74 हजार 877 लोग संक्रमित हैं। यहां 24 घंटे में संक्रमण के 1,574 नए मामले सामने आए हैं।
ब्राजील: रियो डी जनेरिया के गवर्नर कोरोना पॉजिटिव
ब्राजील के रियो डी जनेरिया प्रांत के गवर्नर विल्सन विजेल कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वे अब वह सेल्फ आइसोलेशन में काम करेंगे। विल्सन ने मंगलवार को ट्वीट किया, “शुक्रवार को कमजोरी महसूस होने पर मैंने कोरोना टेस्ट के लिए कहा। आज जांच के नतीजे आ गए हैं और यह पॉजिटिव है।”
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बुखार, सुखी खांसी और थकान जैसे बीमारी के कई लक्षण हैं। लेकिन, अब मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं और डॉक्टरों के परामर्श का पालन करते हुए सेल्फ आइसोलेशन में रहकर काम करूंगा।” उन्होंने कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए लोगों से घरों में रहने और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे एहतियात का पालन करने की अपील की है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------