
चंडीगढ़, 10 मार्च 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Women Scheme 2026 : पंजाब की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य की भगवंत मान सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए एक बड़ी योजना लागू करने जा रही है। जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि ट्रांसफर करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सामान्य वर्ग की महिलाओं को 4 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को विशेष लाभ देते हुए 6 हजार रुपए की किश्त उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस फैसले को आगामी चुनावों से पहले सरकार का बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे राज्य की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहारा मिलने की उम्मीद है।
अगस्त से शुरू होगी पहली किश्त
इस योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता किश्तों में दी जाएगी। योजना के अनुसार पहली किश्त अगस्त 2026 में जारी की जाएगी, जिसमें सामान्य वर्ग की महिलाओं के खातों में 4 हजार रुपए और एससी वर्ग की महिलाओं के खातों में 6 हजार रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। इसके बाद नवंबर महीने में दूसरी किश्त जारी करने की भी योजना बनाई गई है, जिससे त्योहारों और सर्दियों के मौसम में महिलाओं को आर्थिक राहत मिल सके।
Punjab Women Scheme 2026 : बजट में हुआ बड़ा ऐलान
गौरतलब है कि पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने हाल ही में 2,60,437 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। बजट भाषण के अंत में उन्होंने महिलाओं के लिए इस खास योजना ‘मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार’ की घोषणा की। इस योजना के तहत 18 साल से अधिक उम्र की सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपए प्रति माह, जबकि SC वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपए प्रति माह देने का ऐलान किया गया है। वित्त मंत्री ने बताया कि इस योजना से पंजाब की करीब 97 प्रतिशत महिलाएं लाभान्वित होंगी और इसके लिए सरकार ने 9,300 करोड़ रुपए का विशेष फंड निर्धारित किया है।
बैसाखी से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन
इस योजना का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को 13 अप्रैल (बैसाखी) से रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद पात्र महिलाओं को सीधे उनके बैंक खातों में सम्मान राशि ट्रांसफर की जाएगी। इस बड़ी घोषणा के बाद राज्य भर की महिलाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है और वे पहली किश्त मिलने का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


