
जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab weather update : पंजाब में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 11 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 9 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। खास तौर पर सुबह और शाम के समय धुंध व कोहरे की स्थिति अधिक गंभीर रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बठिंडा में हालात सबसे खराब रहे, जहां सुबह के समय दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। अमृतसर, पटियाला और बठिंडा समेत कई जिलों में घनी धुंध के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हाईवे और शहर की सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और स्कूल व दफ्तर जाने वालों को दिक्कतें हुईं।
मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में औसतन 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। हालांकि आने वाले दिनों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के संकेत हैं। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान अमृतसर में 5.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Punjab weather update : घने कोहरे को लेकर जिन 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मलेरकोटला शामिल हैं। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। बारिश के चलते ठंड और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब समेत उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में बदलाव हो रहा है। इसके अलावा 5 फरवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे आगे भी मौसम प्रभावित रह सकता है।
Punjab weather update : मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने, धीमी गति से चलने और फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखें और आवश्यक सतर्कता बरतें।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


