
जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Weather Update : पंजाब के मौसम को लेकर ताजा अपडेट सामने आया है। राज्य में आज मौसम ने एक बार फिर करवट ली है और ठंड का प्रकोप तेज हो गया है। कई जिलों में घने कोहरे के साथ शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं मोहाली, नवांशहर, रूपनगर और पटियाला में कोल्ड-डे की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य से लगभग 3 डिग्री नीचे चला गया है। न्यूनतम तापमान में भी लगातार कमी देखी जा रही है। राज्य में सबसे कम तापमान बठिंडा में 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, दिनभर मौसम शुष्क बना रहेगा।

यह भी पढ़ें : जानिए सर्दी-खांसी में कौन सा फल खाना चाहिए और कौन सा नहीं
पश्चिमी विक्षोभ बना ठंड की वजह
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पाकिस्तान और उससे सटे इलाकों में ऊंचाई पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज पश्चिमी हवाएं (जेट स्ट्रीम) चल रही हैं, जिससे शीतलहर का असर बढ़ गया है। कोहरे के चलते कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। अमृतसर और हलवारा में विजिबिलिटी शून्य, जबकि बल्लोवाल सौंखड़ी में 10 मीटर और बठिंडा में 150 मीटर दर्ज की गई।
Punjab Weather Update : इन जिलों में अलर्ट
आज अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, कपूरथला, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में अत्यधिक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, होशियारपुर, नवांशहर, मुक्तसर, मोगा, मानसा, संगरूर, बठिंडा, बरनाला, मालेरकोटला, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में कई स्थानों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
इसके अलावा नवांशहर, रूपनगर, पटियाला, मोहाली, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में कोल्ड-डे की चेतावनी जारी की गई है।

यह भी पढ़ें : पंजाब के सभी स्कूलों की बढ़ीं छुट्टियां, अब 14 जनवरी से खुलेंगे स्कूल
आने वाले दिनों में भी राहत नहीं
मौसम विभाग ने बताया कि 8, 9 और 10 जनवरी को भी पंजाब के कई जिलों में घने कोहरे का असर जारी रहेगा। विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने और मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
यह भी पढ़ें : पंजाब सरकार का बड़ा फैसला: तीन अधिकारियों को मिला प्रमोशन, आदेश जारी
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





