
चंडीगढ़, 25 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab SIR Campaign : पंजाब में मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान की शुरुआत आज यानी 25 जून से कर दी गई है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) राज्यभर में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। यह प्रक्रिया 24 जुलाई तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि SIR अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले चरण में बीएलओ घर-घर जाकर प्री-प्रिंटेड फॉर्म वितरित करेंगे, मतदाताओं को फॉर्म भरने में सहायता करेंगे और बाद में इन्हें वापस एकत्र भी करेंगे। यदि किसी घर से फॉर्म प्राप्त नहीं होता है तो संबंधित बीएलओ तीन बार उस पते पर जाएगा और हर दौरे की जानकारी घर के बाहर स्टिकर लगाकर दर्ज करेगा।
2.14 करोड़ मतदाताओं का होगा सत्यापन
पंजाब में इस अभियान के लिए 24,453 बीएलओ तैनात किए गए हैं, जो राज्य के करीब 2 करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। चुनाव विभाग के अनुसार फिलहाल 1 करोड़ 84 लाख 61 हजार 581 मतदाताओं की डिजिटल मैपिंग पूरी हो चुकी है, जो कुल मतदाताओं का लगभग 86.02 प्रतिशत है।
कब-कब होगी अगली प्रक्रिया?
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 25 जून से 24 जुलाई तक घर-घर सत्यापन और पोलिंग स्टेशनों का पुनर्गठन (Rationalization) पूरा किया जाएगा। इसके बाद 3 अगस्त को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित होगा। 3 अगस्त से 2 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा और 1 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
Punjab SIR Campaign : SIR अभियान: मतदाताओं के लिए क्या जरूरी है?
घर-घर जांच क्यों हो रही है?
चुनाव आयोग का उद्देश्य मतदाता सूची से फर्जी, दोहरे, मृत या स्थान बदल चुके मतदाताओं की जानकारी को अपडेट करना है, ताकि सूची अधिक सटीक और पारदर्शी बन सके।
BLO घर आए तो क्या होगा?
बीएलओ आपकी पहचान और पते का सत्यापन करेगा। जरूरत पड़ने पर फॉर्म भरवाकर रिकॉर्ड अपडेट किया जाएगा। यह एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है।
घर पर न मिलने से क्या वोट कट जाएगी?
नहीं। यदि कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता, तो बीएलओ दोबारा और जरूरत पड़ने पर तीसरी बार भी संपर्क करेगा। केवल अनुपस्थित रहने से वोट नहीं हटाई जाएगी।
बाहर रहने वाले मतदाताओं के लिए राहत
नौकरी, पढ़ाई या अन्य कारणों से बाहर रहने वाले लोगों की वोट स्वतः समाप्त नहीं होगी। उन्हें अपनी जानकारी अपडेट करने का पूरा अवसर मिलेगा।
अगर BLO नहीं आया तो क्या करें?
मतदाता स्वयं भी बीएलओ, हेल्पलाइन या संबंधित चुनाव कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं और अपनी जानकारी अपडेट करा सकते हैं।
क्या कोई शुल्क देना होगा?
नहीं। SIR अभियान पूरी तरह निशुल्क है। यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो उसकी शिकायत चुनाव आयोग से की जा सकती है।
वोटर कार्ड या आधार जरूरी है?
नहीं। पहचान के लिए अन्य वैध दस्तावेज भी स्वीकार किए जाएंगे।
दो जगह वोट होने पर क्या होगा?
कानून के अनुसार किसी भी व्यक्ति का नाम केवल एक ही निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में हो सकता है। दोहरी प्रविष्टि पाए जाने पर एक नाम हटाया जाएगा।
पता बदलने पर क्या करें?
यदि आपने जिला या राज्य बदला है तो वोट ट्रांसफर के लिए आवेदन किया जा सकता है।
क्या बिना सूचना वोट हटाई जा सकती है?
नहीं। किसी भी मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे सूचना और अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा।
नए मतदाताओं के लिए मौका
जो युवा 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, वे आवेदन कर नए मतदाता बन सकते हैं।
चुनाव आयोग की अपील
चुनाव विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची अधिक विश्वसनीय और पारदर्शी बन सके।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


