
चंडीगढ़, 18 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Heatwave Alert : पंजाब में गर्मी अब विकराल रूप लेने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने राज्य में 18 मई से 23 मई तक भीषण ‘लू’ चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और तेज धूप के कारण तापमान लगातार बढ़ेगा।
रविवार को भी पंजाबभर में लोगों को भीषण गर्मी और तपती धूप का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा देखने को मिला। शनिवार के मुकाबले रविवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बठिंडा सबसे गर्म, कई शहरों में 40 पार
पंजाब का सबसे गर्म शहर बठिंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पटियाला में पारा 42 डिग्री और लुधियाना में 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक रहा।
रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को रात में भी उमस और गर्मी महसूस होने लगी है। हालांकि श्री आनंदपुर साहिब में सबसे कम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे वहां रात के समय कुछ राहत बनी रही।
Punjab Heatwave Alert : दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को खासतौर पर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही अधिक मात्रा में पानी, लस्सी और नींबू पानी जैसे तरल पदार्थ पीने तथा सिर को ढककर बाहर निकलने की हिदायत दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में हीट वेव का असर और बढ़ सकता है, इसलिए बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


