
लुधियाना (वीकैंड रिपोर्ट)- Child Injured by China Door : प्रतिबंधित चाइना डोर (सिंथैटिक डोर) का जानलेवा खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। लोहड़ी के त्योहार पर शिमलापुरी इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां 7 साल का मासूम बच्चा इस खूनी डोर का शिकार हो गया। गली से गुजर रही एक गाड़ी के साथ लटक रही चाइना डोर बच्चे के पैर में उलझ गई और उसकी एड़ी को अंदर तक काट दिया।
घटना दोपहर की है जब बच्चा अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था। तभी एक गाड़ी वहां से गुजरी, जिसके पीछे लंबी चाइना डोर लटक रही थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह डोर किसी की जिंदगी पर कहर बनकर टूट पड़ेगी। जैसे ही गाड़ी बच्चे के पास से निकली, डोर उसके पैर में फंस गई। ड्राइवर को इसका अहसास नहीं हुआ और गाड़ी आगे बढ़ती चली गई। पलक झपकते ही डोर ने मासूम की एड़ी को बुरी तरह जख्मी कर दिया।
बच्चे की चीखें सुनकर परिजन बाहर आए तो वह खून से लथपथ पड़ा था। तुरंत उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल इलाज शुरू किया। एड़ी में गहरे जख्म होने के कारण टांके लगाए गए हैं। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है।
Child Injured by China Door : प्रशासन के दावों पर सवाल, लोगों में गुस्सा
इस घटना के बाद इलाके में भारी रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की सख्त पाबंदी के बावजूद चाइना डोर खुलेआम बिक रही है और उड़ाई जा रही है। लोगों ने मांग की है कि चाइना डोर बेचने और इस्तेमाल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





