
नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab weather alert : कश्मीर में ताज़ा बर्फबारी से हवाई सेवाएं ठप, श्रीनगर-जम्मू हाईवे बंद; उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ से ठंड और बारिश का कहर
कश्मीर घाटी में मंगलवार को हुई ताज़ा बर्फबारी ने एक बार फिर हालात मुश्किल बना दिए हैं। बीते कुछ दिनों में दूसरी बार घाटी का देश के अन्य हिस्सों से संपर्क टूट गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, श्रीनगर एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि श्रीनगर–जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग भी बर्फ जमने और खराब मौसम के चलते बंद कर दिया गया है।
उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर राजधानी दिल्ली सहित पूरे क्षेत्र में साफ नजर आ रहा है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कई हिस्सों में सुबह से ही हल्की से मध्यम बारिश होती रही, जो रुक-रुक कर दिनभर जारी रही। पंजाब के कई जिलों में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ गई है।
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी, जबकि पंजाब के मैदानी इलाकों में तेज हवाओं और ओलों के कारण तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। खराब मौसम की वजह से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
Punjab weather alert : मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार 30 जनवरी तक शीतलहर और घने कोहरे का असर बना रहेगा। इसे देखते हुए पंजाब में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की चेतावनी दी गई है। पिछले 24 घंटों में तापमान में औसतन 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, लुधियाना में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस, एसबीएस नगर में 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बठिंडा में अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के आंकड़ों में पटियाला सबसे आगे रहा, जहां 29 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम से जुड़ी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


