

जकार्ता, 28 अप्रैल 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Indonesia Train Accident : जकार्ता के बाहरी इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक ट्रेन हादसा हो गया। बेकासी तिमुर स्टेशन पर एक तेज रफ्तार ट्रेन पीछे से खड़ी यात्री ट्रेन से जा टकराई, जिसमें कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक हादसे में घायल हुए 38 यात्रियों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं, क्षतिग्रस्त डिब्बे में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है।
महिलाओं के डिब्बे को लगी टक्कर
जानकारी के अनुसार, आर्गो ब्रोमो आंगग्रेक नाम की लंबी दूरी की ट्रेन बेकासी तिमुर स्टेशन पर पहले से खड़ी ट्रेन के आखिरी डिब्बे से टकरा गई। जिस डिब्बे को टक्कर लगी वह महिलाओं के लिए आरक्षित था। इंडोनेशिया में महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसी विशेष व्यवस्था की जाती है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिब्बे के परखच्चे उड़ गए और यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
Indonesia Train Accident : रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बचाव दल क्षतिग्रस्त डिब्बे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि पीछे से टक्कर मारने वाली आर्गो ब्रोमो आंगग्रेक ट्रेन में सवार सभी 240 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। आसेप एदी सुहेरी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
रेलवे ने मांगी माफी
इस हादसे के बाद सरकारी रेलवे कंपनी ने यात्रियों और उनके परिवारों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। इंडोनेशिया में पुराने रेलवे नेटवर्क के कारण पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। जनवरी 2024 और साल 2010 में भी ऐसे बड़े ट्रेन हादसे सामने आ चुके हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


