





जालंधर (वीकेंड रिपोर्ट)- Maa Baglamukhi Dham Jalandhar : सिद्ध माँ बगलामुखी धाम में नवरात्रि के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री के निर्मित हवन यज्ञ के दौरान धाम के संस्थापक एवं व्यवस्थापक नवजीत भारद्वाज ने माँ भक्तों को कहा कि मां सिद्धिदात्री को सिद्धियों, आध्यात्मिक ज्ञान और दिव्य शक्तियों की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है। मां सिद्धिदात्र की सच्चे मन से आराधना करने वाले भक्तों को सुख, शांति, समृद्धि और सफलता का आशीर्वाद प्राप्त होता है। नवजीत भारद्वाज ने अपने ओजस्वी और भावपूर्ण प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भक्ति के मार्ग से जोड़ते हुए नवरात्रों के आध्यात्मिक महत्व को गहराई से समझाया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि केवल व्रत, पूजा और अनुष्ठानों का पर्व नहीं है, बल्कि यह आत्मशुद्धि, संस्कारों के जागरण और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का दिव्य अवसर है।

नवजीत भारद्वाज ने कन्या पूजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन नौ पावन दिनों में किया जाने वाला कन्या पूजन हमें एक गहरा और प्रेरणादायक संदेश देता है; हर कन्या में स्वयं माँ दुर्गा का वास होता है। उन्होंने समझाया कि कन्याएं केवल छोटी बच्चियां नहीं होतीं, बल्कि वे शक्ति, पवित्रता, करुणा और सृजन की साक्षात प्रतीक हैं। उन्होंने शास्त्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि जहाँ नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है। जब हम श्रद्धा भाव से कन्याओं के चरण धोते हैं, उन्हें प्रेमपूर्वक भोजन कराते हैं और उन्हें सम्मान स्वरूप उपहार देते हैं, तो यह केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि माँ भगवती के प्रति हमारी सच्ची भक्ति और समर्पण का प्रतीक होता है।

Maa Baglamukhi Dham Jalandhar : नवजीत भारद्वाज ने बताया कि नन्हीं बालिकाओं में माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों का वास माना गया है, और उनकी सेवा करने से भक्तों को माँ की असीम कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने आधुनिक समाज की सोच पर भी चिंतन करते हुए कहा कि आज आवश्यकता है कन्या पूजन के वास्तविक अर्थ को समझने की। यदि हम केवल एक दिन कन्याओं की पूजा करें और शेष दिनों में उनके साथ भेदभाव करें, तो यह सच्ची भक्ति नहीं है। सच्ची भक्ति वही है, जिसमें सम्मान और समानता हर दिन, हर परिस्थिति में दिखाई दे। अपने प्रवचनों के अंत में उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को यह संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया कि हम हर बेटी को समान अधिकार और सम्मान दें, कन्या भ्रूण हत्या जैसी घोर पापपूर्ण कुरीति को जड़ से समाप्त करने में योगदान दें, और बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा व आगे बढऩे के समान अवसर प्रदान करें।

अंत में उन्होंने भावपूर्ण शब्दों में कहा; कन्या पूजन केवल एक दिन की पूजा नहीं, बल्कि एक नई सोच की शुरुआत है। आइए, हम ऐसा समाज बनाएं जहाँ हर बेटी सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त हो यही सच्ची भक्ति और माँ दुर्गा की सच्ची आराधना है। इस अवसर पर श्वेता भारद्वाज, तेजस भारद्वाज, राकेश प्रभाकर, पूनम प्रभाकर, सरोज बाला, समीर कपूर, मोनिका कपूर, विक्की अग्रवाल, अमरेंद्र कुमार शर्मा, रोहित भाटिया, जानू थापर, ऋषभ कालिया, अजीत कुमार, नरेंद्र, राकेश शर्मा, सुधीर, सुमीत, मनीष शर्मा, दानिश, रितु, कुमार, सौरभ, शंकर, गुरवीर सिंह,गुरप्रीत कौर, संदीप,रिंकू, गोरव गोयल, मनी, नरेश, अजय शर्मा, दीपक, किशोर, प्रदीप, प्रवीण, राजू, संजीव शर्मा, मुकेश, अमनदीप शर्मा, गुरप्रीत सिंह, विरेंद्र सिंह सहित भारी संख्या में भक्तजन मौजूद थे। हवन यज्ञ के उपरांत लंगर भंडारे का आयोजन किया गया।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


