
जालंधर, 3 अप्रैल 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Vande Bharat Express : पंजाब के जालंधर जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। लंबे समय से उठ रही मांग के बाद अब इस ट्रेन का ठहराव जालंधर कैंट स्टेशन पर मंजूर कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने बताया कि उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दिल्ली में मुलाकात कर ट्रेन नंबर 22439 (नई दिल्ली से कटरा) के जालंधर कैंट स्टेशन पर ठहराव की मांग की थी, जिसे मंत्री ने स्वीकृति दे दी। इस फैसले से जालंधर, होशियारपुर, नकोदर, कपूरथला समेत आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं को श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए सीधी और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 22439 अब सुबह 10:04 बजे जालंधर कैंट पहुंचेगी और 10:06 बजे रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 22440 (कटरा से नई दिल्ली) शाम 6:51 बजे स्टेशन पर पहुंचेगी और 6:53 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इस नए ठहराव के कारण कुछ स्टेशनों पर समय में मामूली बदलाव भी किया गया है।
Vande Bharat Express : नई व्यवस्था के तहत ट्रेन संख्या 22439 जम्मू डिवीजन के भोगपुर स्टेशन पर करीब 5 मिनट की देरी से पहुंचेगी, जबकि ट्रेन संख्या 22440 अंबाला डिवीजन के साहनेवाल स्टेशन पर 5 मिनट देरी से पहुंचेगी। इस बदलाव के चलते संबंधित डिवीजनों को अपनी समय-सारिणी में हल्का संशोधन करना होगा।
इस फैसले से न केवल जालंधर बल्कि आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों और श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी। अब वे कम समय में, अधिक आरामदायक और सीधी यात्रा के जरिए माता वैष्णो देवी के दर्शन कर सकेंगे। इस मौके पर जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के स्टेशन सुपरिंटेंडेंट जेबी पटेल, सीएमआई नितेश कुमार, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट सचिन रत्ती, सीएचआई डीपी मीणा, एसएसई प्रवीण कुमार समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


