
जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Adampur Airport Renamed : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के जालंधर में संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के भव्य समारोह में शिरकत की। माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर डेरा सचखंड बल्लां में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों को संत रविदास जयंती और माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सेवा, समानता और मानवता का मार्ग दिखाती हैं, जो आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनका रिश्ता गुरु रविदास जी की जन्मभूमि काशी से रहा है और पंजाब की पावन धरती पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने डेरा सचखंड बल्लां द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की और डेरा प्रमुख संत निरंजन दास जी महाराज को पद्म पुरस्कार दिए जाने को गुरु रविदास जी के विचारों का सम्मान बताया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि आदमपुर एयरपोर्ट का नाम अब “श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट” होगा। इसके साथ ही हलवारा एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन भी किया गया। उन्होंने कहा कि यह कदम संत रविदास जी के प्रति सम्मान और पंजाब के विकास को नई गति देगा।
Adampur Airport Renamed : प्रधानमंत्री ने बजट 2026 का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बजट गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को सशक्त करने वाला है। उन्होंने बताया कि कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती की गई हैं, ताकि गरीब और बुजुर्गों को राहत मिल सके। साथ ही भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच हुई ट्रेड डील को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे पंजाब के टेक्सटाइल और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नए अंतरराष्ट्रीय बाजार मिलेंगे, जिससे जालंधर, लुधियाना और अमृतसर के लाखों लोगों को लाभ होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि संत रविदास जी के आशीर्वाद से देश ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को जरूर हासिल करेगा और पंजाब इस यात्रा में अहम भूमिका निभाएगा।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


