
नई दिल्ली, 26 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Ebola Virus : दुनिया में बढ़ते इबोला वायरस के खतरे के बीच नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने भारत में सतर्कता बढ़ा दी है। अफ्रीका के इबोला प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई है, जिसके तहत एयरलाइंस और एयरपोर्ट्स को सख्त प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। सरकार का उद्देश्य किसी भी संभावित संक्रमण को भारत में फैलने से पहले रोकना है।
अब यात्रियों को भरना होगा सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म
नई गाइडलाइन के अनुसार प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों को भारत पहुंचने से पहले ‘सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म’ यानी SDF भरना अनिवार्य होगा। इसके अलावा एयरपोर्ट पर सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग भी की जाएगी।
कोविड जैसी सावधानियां फिर लागू
DGCA ने कोविड काल जैसी कई सावधानियों को दोबारा लागू किया है। निर्देशों के मुताबिक यदि किसी यात्री में इबोला जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो उसे विमान के पिछले हिस्से में बैठाया जाएगा ताकि अन्य यात्रियों के संपर्क को कम किया जा सके। इसके साथ ही संदिग्ध यात्री के आगे और पीछे की तीन-तीन सीटों की पंक्तियां खाली रखने की भी सलाह दी गई है।
Ebola Virus : एयरलाइंस को जारी किए गए सख्त निर्देश
एयर इंडिया, इंडिगो, अकासा एयर, अमीरात और कतर एयरवेज जैसी एयरलाइंस को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। यदि किसी विमान में इबोला के संदिग्ध लक्षण वाला यात्री मिलता है, तो एयरलाइन को तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी ATC को सूचना देनी होगी। इसके बाद विमान को अलग बे (Bay) में ले जाकर जरूरी स्वास्थ्य प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पहले उतारे जाएंगे स्वस्थ यात्री
नई व्यवस्था के तहत जिन यात्रियों में कोई लक्षण नहीं होंगे, उन्हें पहले विमान से बाहर निकाला जाएगा। इसके बाद संदिग्ध यात्रियों को सबसे अंत में उतारकर स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सौंपा जाएगा।
इन लक्षणों पर तुरंत देनी होगी जानकारी
DGCA ने यात्रियों और क्रू मेंबर्स को निर्देश दिया है कि यदि किसी को बुखार, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, गले में खराश, उल्टी, दस्त, शरीर पर चकत्ते या रक्तस्राव जैसी शिकायत हो तो तुरंत एयरलाइन क्रू और एयरपोर्ट मेडिकल टीम को जानकारी दें।
21 दिनों तक रखनी होगी निगरानी
नई गाइडलाइन के अनुसार भारत आने के 21 दिनों के भीतर यदि किसी यात्री में इबोला के लक्षण दिखाई देते हैं, तो उसे तुरंत अस्पताल में इलाज कराना होगा और एयरपोर्ट हेल्थ ऑफिस को सूचित करना होगा।
Ebola Virus : सरकार पूरी तरह अलर्ट
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय और स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सरकार का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए एयरपोर्ट्स, एयरलाइंस और स्वास्थ्य एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाया गया है।
क्या है इबोला वायरस?
इबोला एक गंभीर और जानलेवा वायरल बीमारी मानी जाती है, जो संक्रमित व्यक्ति के शरीर के तरल पदार्थों के संपर्क से फैल सकती है। इस बीमारी में तेज बुखार, कमजोरी, उल्टी, दस्त और गंभीर मामलों में रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। फिलहाल भारत में कोई बड़ा मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर सरकार ने निगरानी बढ़ा दी है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


