
चंडीगढ़,, 1 अप्रैल 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- BJP Office Blast Chandigarh : चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब बीजेपी कार्यालय के बाहर बुधवार को हुए धमाके का CCTV वीडियो सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। वायरल फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति अपनी जेब से विस्फोटक निकालकर उसका लॉक खोलता है और उसे फेंककर मौके से भागता हुआ दिखाई देता है। इसके तुरंत बाद जोरदार धमाका होता है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
यह घटना दोपहर करीब 5 बजे की बताई जा रही है। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह मामला संदिग्ध ब्लास्ट का प्रतीत हो रहा है और इसकी जांच कई एंगल से की जा रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।
वीडियो के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि यह कोई साधारण देसी बम नहीं, बल्कि ग्रेनेड हमला हो सकता है। खुफिया सूत्रों का कहना है कि इससे पहले भी पंजाब में इस तरह के ग्रेनेड बरामद किए जा चुके हैं, जो अक्सर सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजे जाते हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमले के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसका मकसद क्या था।

BJP Office Blast Chandigarh : इस बीच, खालिस्तानी आतंकी सुखजिंदर सिंह बब्बर द्वारा इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा सोशल मीडिया पर सामने आया है। पोस्ट में 1 अप्रैल 2026 को हमले को अंजाम देने की बात कही गई है और इसे एक संदेश बताने की कोशिश की गई है। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और एजेंसियां इसकी भी जांच कर रही हैं।
यह घटना सामने आने के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है और लोग पूरे मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


