





नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- FSSAI Action Against Bisleri : देश की जानी-मानी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने को गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं पाया है। जांच में पानी के अंदर कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की पुष्टि हुई है। इस मामले में खाद्य नियामक ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी भी दे दी है।
पानी के सैंपल में मिला कोलीफॉर्म बैक्टीरिया
जानकारी के मुताबिक, FSSAI की टीम ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाला स्थित बिसलेरी प्लांट से पानी का नमूना लिया था। जांच में इसमें कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के बैक्टीरिया की मौजूदगी सीवेज के रिसाव या खराब पाइपलाइनों के जरिए पानी दूषित होने का संकेत हो सकती है।
बताया गया है कि प्राइमरी और रेफरल दोनों प्रयोगशालाओं में जांच के दौरान बैक्टीरिया की पुष्टि हुई। इसके बाद FSSAI ने बैच नंबर PB 201 की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया। कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी भी दी गई है।
गोवा प्लांट के बाद दूसरी बड़ी कार्रवाई
बिसलेरी के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले गोवा स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने भी गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे थे। उस मामले में भी FSSAI ने सख्त कदम उठाया था। लगातार दो प्लांट के नमूनों में गड़बड़ी सामने आने से बोतलबंद पानी की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
FSSAI Action Against Bisleri : देशभर में बोतलबंद पानी की होगी जांच
बिसलेरी के नमूने फेल होने के बाद FSSAI ने देशभर में बिकने वाले बोतलबंद पेयजल की गुणवत्ता जांचने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। प्राधिकरण के CEO रजित पुनहानी ने बुधवार को बताया कि अलग-अलग क्षेत्रों से पानी के नमूने एकत्र किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत का भौगोलिक क्षेत्र काफी बड़ा है, इसलिए जांच के नतीजे आने में कम से कम एक से दो महीने का समय लग सकता है। उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी रखी जा रही नजर
FSSAI के मुताबिक, पिछले एक साल के दौरान दूध और डेयरी उत्पादों, मांस, अंडे, अनाज, एनर्जी ड्रिंक्स और मीठे पेय पदार्थों समेत कई खाद्य वस्तुओं की जांच की गई है। बोतलबंद पानी की जांच भी इसी नियमित अभियान का हिस्सा है।
प्राधिकरण का कहना है कि इन कार्रवाइयों का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना है, ताकि बाजार में बिकने वाले खाद्य और पेय पदार्थ तय गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरें।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


