





मुंबई (वीकैंड रिपोर्ट)- IPL 2027 : आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) ने बड़ा फैसला लेते हुए अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम की कप्तानी सौंप दी है। पांच बार की आईपीएल चैंपियन फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने अब तक अपने सभी पांच आईपीएल खिताब जीते हैं। ऐसे में फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि उनकी वापसी से टीम एक बार फिर खिताबी सफलता हासिल कर सकेगी।
हार्दिक पांड्या के जाने के बाद रोहित को मिली कमान
मुंबई इंडियंस में कप्तानी का यह बदलाव हार्दिक पांड्या के टीम से जाने के बाद हुआ है। हार्दिक को इसी महीने पंजाब किंग्स (PBKS) में ट्रेड कर दिया गया। उन्होंने 2024 से 2026 तक मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाली थी। अब फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर अपने सबसे सफल कप्तानों में शामिल रोहित शर्मा पर भरोसा जताया है।
रोहित साल 2011 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे। उनकी कप्तानी में टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी।
रोहित बोले- मुंबई इंडियंस मेरी जिंदगी का बड़ा हिस्सा
कप्तानी मिलने पर रोहित शर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मुंबई इंडियंस उनकी जिंदगी का बहुत बड़ा हिस्सा रही है और इस टीम की कप्तानी करना उनके लिए हमेशा गर्व की बात रही है।
उन्होंने कहा कि आगामी सीजन को लेकर नीता अंबानी और आकाश अंबानी के साथ हुई बातचीत काफी उत्साहजनक रही है। उन्हें पूरा भरोसा है कि टीम आने वाले सीजन में बहुत कुछ हासिल कर सकती है। रोहित ने कहा कि वह आईपीएल के 20वें सीजन के लिए पूरी तरह तैयार हैं और अपनी पलटन यानी प्रशंसकों को जश्न मनाने के कई मौके देना चाहते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि टीम का फोकस अपने अंदाज में क्रिकेट खेलने, एकजुट होकर मुकाबला करने और खेल का आनंद लेने पर रहेगा।
IPL 2027 : मुंबई इंडियंस के लिए शानदार रहा है रोहित का कप्तानी रिकॉर्ड
मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर रोहित शर्मा का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने आईपीएल और अब बंद हो चुकी चैंपियंस लीग टी20 में कुल 163 मैचों में टीम की कप्तानी की। इनमें मुंबई ने 91 मुकाबले जीते, 68 में हार का सामना किया, जबकि चार मैच टाई रहे।
रोहित की अगुआई में मुंबई इंडियंस पांच बार आईपीएल फाइनल में पहुंची और हर बार खिताब जीतने में सफल रही। हालांकि, उनके कप्तानी के आखिरी कुछ सीजन टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रहे। 2021 और 2022 में मुंबई प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी, जबकि 2023 में टीम क्वालीफायर-2 तक पहुंची, जहां उसे गुजरात टाइटंस से हार मिली।
सूर्यकुमार, बुमराह और तिलक भी थे कप्तानी के दावेदार
रोहित शर्मा के अलावा सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और जसप्रीत बुमराह भी मुंबई इंडियंस की कप्तानी के संभावित दावेदारों में शामिल थे। हालांकि, फ्रेंचाइजी ने आखिरकार रोहित को फिर से टीम की कमान सौंपने का फैसला किया।
आईएएनएस के मुताबिक, मुंबई इंडियंस आईपीएल 2027 के लिए किसी खिलाड़ी को आधिकारिक तौर पर उप-कप्तान घोषित नहीं कर सकती। फ्रेंचाइजी की नीति रही है कि वह अपनी टीमों में आधिकारिक उप-कप्तान नियुक्त नहीं करती। अब रोहित के नेतृत्व में मुंबई इंडियंस आगामी सीजन में खिताब की दौड़ में उतरने की तैयारी करेगी।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


