
पटना, 20 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Khan Sir Firing Case : पटना के चर्चित कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज में हुए हंगामे और फायरिंग मामले में यूट्यूब शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर को एक बार फिर अदालत से राहत मिली है। पटना सिविल कोर्ट ने शनिवार को सुनवाई के दौरान उनकी गिरफ्तारी पर लगी रोक को अगले आदेश तक जारी रखने का निर्देश दिया। कोर्ट ने खान सर के तीन स्टाफ सदस्यों को भी अंतरिम राहत देते हुए उनके खिलाफ किसी भी तरह की कठोर कार्रवाई (नो कोर्सिव एक्शन) पर फिलहाल रोक बरकरार रखी है। मामले की अगली सुनवाई अब 25 जून 2026 को होगी।
सुरक्षा गार्ड रहेंगे न्यायिक हिरासत में
मामले में आरोपी बनाए गए खान सर के दोनों सुरक्षा गार्डों की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने उन्हें 25 जून तक न्यायिक हिरासत में रखने का आदेश दिया है। उनकी जमानत याचिका पर भी अब अगली सुनवाई के दौरान फैसला लिया जाएगा। सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत में अद्यतन केस डायरी प्रस्तुत की। केस डायरी के अनुसार घटना के दौरान कथित तौर पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की गई थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने फिलहाल खान सर और उनके स्टाफ को दी गई अंतरिम सुरक्षा जारी रखने का फैसला सुनाया।
Khan Sir Firing Case : क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 2 जून की रात पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर विवाद और हंगामे की घटना हुई थी। आरोप है कि इस दौरान खान सर के दोनों सुरक्षा गार्डों ने दो-दो राउंड फायरिंग की थी। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि यह कार्रवाई खान सर के निर्देश पर की गई थी। इसके बाद पुलिस ने दर्ज एफआईआर में फैजल खान का नाम भी शामिल कर लिया था। इसी मामले में आरोपी बनाए गए ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद को पहले गिरफ्तार किया गया था। हालांकि बाद में अदालत ने उन्हें जमानत दे दी और वह जेल से रिहा हो चुके हैं।
मामले में नया मोड़
यह मामला उस समय और चर्चा में आ गया जब रौशन आनंद के भाई की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रौशन आनंद ने सार्वजनिक रूप से इस घटना को लेकर फैजल खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक निष्कर्ष जारी नहीं किया है और जांच जारी है। कोर्ट के अगले फैसले पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि यह मामला शिक्षा जगत और सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


