
तिरुवनंतपुरम, 29 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Kerala Giant Wheel Accident : केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के पास स्थित एक मनोरंजन पार्क में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। वेम्बायम इलाके के हैप्पीलैंड मनोरंजन पार्क में चल रहा जायंट व्हील अचानक टूटकर गिर पड़ा, जिससे दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार हादसा गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। उस समय स्कूलों की छुट्टियों के चलते पार्क में काफी भीड़ मौजूद थी। घटना वेन्जारामूडु थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जायंट व्हील के वेल्डिंग जॉइंट और लोहे के सपोर्ट स्ट्रक्चर में खराबी आने के कारण यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि झूला चलने के दौरान उसका सहारा देने वाला लोहे का हिस्सा अचानक टूट गया, जिससे उसमें बैठे लोग नीचे गिर पड़े।
Kerala Giant Wheel Accident : घायलों की पहचान 54 वर्षीय मनोरथी, 49 वर्षीय सीमानी, 49 वर्षीय मालिनी, 14 वर्षीय श्याम डेनियल और 16 वर्षीय रोज के रूप में हुई है। सभी तमिलनाडु के नागरकोइल से घूमने आए पर्यटक बताए जा रहे हैं। हादसे के तुरंत बाद पुलिस, फायर एंड रेस्क्यू विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं, हालांकि कुछ को फ्रैक्चर और गंभीर चोटें आई हैं। अधिकारियों का कहना है कि अगर समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू नहीं होता तो यह हादसा और भी बड़ा रूप ले सकता था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि पार्क में लगे झूलों का नियमित सुरक्षा परीक्षण और मेंटेनेंस किया जा रहा था या नहीं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


