
चंडीगढ़, 28 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab weather update : पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। गुरुवार सुबह मोहाली और जालंधर समेत कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। वहीं मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र भारत मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ के अनुसार 29 और 30 मई को पंजाब और चंडीगढ़ के 51 से 75 प्रतिशत हिस्सों में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान तेज हवाएं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में हवा की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। फरीदकोट में सबसे अधिक 46 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
नौतपा के बीच बढ़ा हीटवेव का खतरा
तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते पंजाब में लू का असर लगातार बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने लोगों से चाय, कॉफी, शराब और ज्यादा शुगर वाले ड्रिंक्स से बचने की अपील की है और अधिक मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
Punjab weather update : बिजली की मांग पहुंची रिकॉर्ड स्तर पर
भीषण गर्मी के कारण पंजाब में बिजली की मांग भी रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई है। जानकारी के मुताबिक राज्य में बिजली की डिमांड 12,178 मेगावाट तक पहुंच गई, जबकि पंजाब ने सेंट्रल ग्रिड से 6,586 मेगावाट बिजली ली। राज्य में कुल बिजली उत्पादन 5,565 मेगावाट दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसकी वजह से आने वाले दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून भी अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?
29 मई को पठानकोट, रूपनगर और मोहाली में तेज आंधी, भारी बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जालंधर, अमृतसर, लुधियाना और पटियाला समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। 30 मई को पंजाब के ज्यादातर जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अनुमान है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। 31 मई को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, मोहाली और पटियाला समेत कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


