
जालंधर, 15 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Jalandhar IED Blast : जालंधर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर हुए IED ब्लास्ट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 5 मई को हुए धमाके की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय मुनीर खान और अनिल शर्मा के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी मुनीर खान इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी के संपर्क में आया था। मुनीर 10वीं कक्षा फेल बताया जा रहा है। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि ब्लास्ट को अंजाम देने के बदले उसे एक लाख रुपए दिए गए थे। आरोप है कि शहजाद भट्टी ने ही उसे बम उपलब्ध कराया और पूरी साजिश रची।
जानकारी के अनुसार, मुनीर खान जीरकपुर के एक गांव का रहने वाला है। घटना वाले दिन वह कार से पीएपी चौक पहुंचा और वहां से पैदल बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास पहुंचकर IED रखा। आरोपी ने बताया कि उसने पहली बार इस तरह की वारदात को अंजाम दिया, जिसके चलते टाइमर सेट करते समय उसके हाथ कांप रहे थे। उसने 8 मिनट का टाइमर लगाया और तुरंत मौके से फरार हो गया।

Jalandhar IED Blast : पुलिस ने बताया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए ही बम का टाइमर सेट करना सीखा था। उसे इस बात का भी डर था कि कहीं रास्ते में ही बम फट न जाए। वहीं, इस धमाके का वीडियो बनाने वाले दूसरे आरोपी अनिल शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। अनिल शर्मा उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह भी पाकिस्तानी डॉन के संपर्क में था और उसे धमाके का लाइव वीडियो बनाने के लिए 50 हजार रुपए मिले थे। बताया जा रहा है कि उसने ब्लास्ट का वीडियो पाकिस्तान में बैठे डॉन को भेजा था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बस अड्डे से लेकर पीएपी चौक तक करीब 150 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक संदिग्ध कार पुलिस के रडार पर आई, जिसके बाद जांच जीरकपुर तक पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क और पाकिस्तानी कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही हैं। हालांकि अधिकारियों की ओर से अभी तक इस मामले में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


