
नई दिल्ली, 13 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Gold Silver Price : देश में सोना और चांदी की कीमतों में बुधवार को जबरदस्त उछाल देखने को मिला। केंद्र सरकार द्वारा कीमती धातुओं पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने के फैसले के बाद मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों धातुओं के दाम तेजी से बढ़ गए। सरकार ने सोना, चांदी और अन्य कीमती धातुओं पर कुल आयात शुल्क 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया है, जिसका सीधा असर बाजार में दिखाई दिया।
सोना 11 हजार रुपये से ज्यादा महंगा
MCX पर 24 कैरेट सोना मंगलवार को 1,53,442 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। लेकिन बुधवार को बाजार खुलते ही इसकी कीमत बढ़कर 1,64,497 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई। यानी एक ही दिन में सोने के दाम में करीब 11,055 रुपये की तेजी दर्ज की गई।
चांदी ने भी लगाई बड़ी छलांग
चांदी की कीमतों में भी भारी उछाल देखने को मिला। मंगलवार को 2,79,062 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई चांदी बुधवार को बढ़कर 3,01,429 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई। इस तरह चांदी एक झटके में 22,367 रुपये महंगी हो गई।
अभी भी रिकॉर्ड हाई से नीचे
हालांकि मौजूदा कीमतें अब भी अपने ऑल टाइम हाई से नीचे बनी हुई हैं। सोने का रिकॉर्ड हाई 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है, जबकि चांदी का लाइफटाइम हाई 4,57,328 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया था।
Gold Silver Price : सरकार ने क्यों बढ़ाई ड्यूटी?
सरकार ने गोल्ड इंपोर्ट ड्यूटी में बड़ा बदलाव करते हुए बेसिक कस्टम ड्यूटी 5 फीसदी से बढ़ाकर 10 फीसदी कर दी है। इसके अलावा एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) को 1 फीसदी से बढ़ाकर 5 फीसदी किया गया है। इसके बाद सोने पर कुल ड्यूटी 15 फीसदी पहुंच गई है।
विदेशी मुद्रा बचाने की कोशिश
विशेषज्ञों का कहना है कि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है, जिसके लिए डॉलर में भुगतान करना पड़ता है। ऐसे में ज्यादा आयात से विदेशी मुद्रा भंडार और ट्रेड डेफिसिट पर दबाव बढ़ता है। सरकार का मानना है कि इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने से सोने का आयात कम होगा और विदेशी मुद्रा की बचत हो सकेगी।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


