
गुवाहाटी, 12 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Himanta Biswa Sarma oath ceremony : हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की राजनीति में नया इतिहास रच दिया। इसके साथ ही वह असम में लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं। गुवाहाटी में आयोजित भव्य समारोह में लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
NDA सरकार का लगातार तीसरा कार्यकाल
राज्यपाल ने रविवार को एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद हिमंता बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री नियुक्त किया था। असम में यह एनडीए सरकार का लगातार तीसरा कार्यकाल है। इससे पहले वर्ष 2016 में भाजपा के नेतृत्व में पहली बार सर्बानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री बने थे, जबकि 2021 में हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्य की कमान संभाली थी।
शपथ समारोह में जुटे बड़े नेता
शपथ ग्रहण समारोह में नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह और निर्मला सीतारमण समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। इसके अलावा एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल हुए।
Himanta Biswa Sarma oath ceremony : कांग्रेस छोड़ BJP में हुए थे शामिल
हिमंता बिस्वा सरमा ने वर्ष 2015 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। उस समय असम में कांग्रेस मजबूत स्थिति में थी और भाजपा के पास केवल कुछ ही विधायक थे। इसके बावजूद उन्होंने पूर्वोत्तर में भाजपा को मजबूत करने के लिए रणनीतिक तरीके से काम किया।
पूर्वोत्तर में BJP को मजबूत करने का श्रेय
2016 में भाजपा ने उन्हें पूर्वोत्तर लोकतांत्रिक गठबंधन (NEDA) का संयोजक बनाया। इसके बाद उन्होंने पूर्वोत्तर के कई क्षेत्रीय दलों को भाजपा के साथ जोड़ने में अहम भूमिका निभाई। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पूर्वोत्तर भारत में भाजपा के तेजी से बढ़ते प्रभाव के पीछे हिमंता बिस्वा सरमा की रणनीति का बड़ा योगदान रहा है।
छात्र राजनीति से शुरू हुआ सफर
हिमंता बिस्वा सरमा का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ था। वह कॉटन कॉलेज छात्र संघ के महासचिव भी रह चुके हैं और बाद में ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (AASU) से जुड़े। साल 2001 में उन्होंने जालुकबारी सीट से पहली बार विधानसभा चुनाव जीता था और तब से लगातार इस सीट से जीत दर्ज करते आ रहे हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


