
चंदौली/अमृतसर, 12 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Chandauli Encounter : अमृतसर के रहने वाले कथित ‘साइको किलर’ गुरप्रीत सिंह की उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पुलिस एनकाउंटर के दौरान मौत हो गई। आरोपी पर 26 घंटे के भीतर तीन लोगों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। जानकारी के मुताबिक 45 वर्षीय गुरप्रीत सिंह ने चलती ट्रेन और एक निजी अस्पताल में तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने शिकार की कनपटी पर गोली मारता था।
26 घंटे में तीन हत्याओं से फैली दहशत
बताया जा रहा है कि 10 मई को आरोपी ने एक पैसेंजर ट्रेन में 34 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद 10 और 11 मई की रात करीब 2 बजे जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री को गोली मार दी। अगले दिन सुबह आरोपी ने एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला को भी निशाना बनाया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
Chandauli Encounter : अस्पताल में लोगों ने पकड़ा
तीसरी वारदात के बाद अस्पताल में मौजूद लोगों ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे वर्ष 2021 में सेना से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद वह बिहार में नौकरी करने गया, लेकिन शराब की लत के कारण वहां से भी निकाल दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मानसिक तनाव में रहने लगा था।
क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान एनकाउंटर
पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


